छात्रवृत्ति से वंचित हो रहे माध्यमिक विद्यालयों के तकरीबन दो लाख छात्रों को आवेदन का दोबारा मौका शासन ने दिया है। इसके लिए पोर्टल को दोबारा खोला गया है। 23 नवंबर के अंक में वंचित छात्रों की समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित किया गया था।
खबर का संज्ञान लेकर डीएम शिव सहाय अवस्थी ने शासन को पत्र लिखकर तिथि विस्तार किए जाने की मांग की। पत्र मिलने के बाद शासन ने छात्रवृत्ति अग्रसारण की तिथि का विस्तार किया। अब वंचित छात्र आवेदन कर सकेंगे। वहीं, विद्यालयों को भी छात्रवृत्ति फॉर्म अग्रसारित करने का मौका मिल गया है।
मंगलवार से पोर्टल को चालू कर दिया गया है। एक दिसंबर तक आवेदन किया जा सकेगा। इन तिथियों में आवेदन के साथ डीआईओएस के समक्ष समस्त अभिलेख प्रस्तुत करना होगा। समाज कल्याण विभाग से विद्यालयों को पासवर्ड भी प्राप्त करना होगा। सभी सूचनाएं ऑनलाइन अपलोड करनी होगी। आठ दिसंबर तक डीआईओएस सत्यापन कार्य पूरा करेंगे। जिला समाज कल्याण अधिकारी नागेंद्र मौर्य ने बताया कि छात्रवृत्ति आवेदन की तिथि का विस्तार कर दिया गया है।