आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के अमरगढ़ बाजार निवासी किराना व्यापारी से दो लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई है। इससे व्यापारी और उसका परिवार दहशत में है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
अमरगढ़ निवासी आनंद मोहन उर्फ भुवर (45) बाजार के चौराहे पर किराना की दुकान चलाता है। शनिवार की शाम आनंदमोहन के मोबाइल फोन पर दो लाख रुपये की मांग की गई।
मना करने पर फोन करने वाले ने गालीगलौज करते हुए हत्या की धमकी दी। दो वर्ष पूर्व भी आनंद मोहन की दुकान के सामने फायरिंग करने के साथ ही उससे फोन पर पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई थी।
इसके अलावा 12 फरवरी 2020 को दोपहर करीब ढाई बजे दुकान पर ग्राहक बनकर पहुंचे बदमाशों ने आनंद मोहन पर तमंचे से फायर झोंक दिया था। गोली कमर के पास से निकल गई थी। आसपुर देवसरा एसओ सुनील कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।