पट्टी/मंगरौरा। कोतवाली इलाके के बरहूपुर नहर पुल पर बोलेरो चालक ने बाइक सवार तीन युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक चला रहा युवक उछलकर नहर के पानी में जा गिरा। बाकी दो अन्य सड़क पर ही गिरे। नहर में गिरे युवक को ग्रामीणों की मदद से बीस मिनट बाद बाहर निकाला गया। तीनों को सीएचसी ले जाया गया। वहां डाॅक्टरों ने बैंककर्मी समेत दो लोगों को मृत घोषित कर दिया।
पट्टी कोतवाली क्षेत्र के बरहूपुर निवासी 30 वर्षीय उमेश, 33 वर्षीय मनोज, 32 वर्षीय सोनू रविवार की शाम रामपुर बेला गांव में क्रिकेट टूर्नामेंट देखने गए थे। वहां से शाम सात बजे के करीब बाइक से घर लौट रहे थे। शारदा सहायक खंड 36 नहर के बरहूपुर पुल के मोड़ पर उनकी बाइक में बोलेरो चालक ने टक्कर मार दी।
जिससे मनोज बाइक से उछलकर नहर के पानी में चला गया। वहीं सोनू की सड़क पर गिरने से गंभीर और उमेश को हल्की-फुल्की चोटें आई। उमेश और सोनू को तो एंबुलेंस से सीएचसी पट्टी लाया गया। मनोज को मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने काफी खोजबीन के बाद नहर से बाहर निकाला। उसे लोग बाइक से लेकर सीएचसी पहुंचे।
जहां पर इलाज कर रहे चिकित्सक ने मनोज और सोनू को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर कोतवाल आलोक कुमार मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बताया कि बोलेरो वाले ने बाइक को टक्कर मारी है।