पट्टी कस्बे में मंगलवार की रात वाहन साइड देने के विवाद में मारपीट और तोड़फोड़ की खबर पर पहुंचे पुलिसकर्मियों से हमलावर भिड़ गए।
जिसमें सिपाही घायल हो गया। गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। कोतवाली से भारी संख्या में पुलिसकर्मियों के पहुंचने के बाद मामला शांत हुआ। दरोगा की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने दो आरोपियों को जेल भेजा।
पट्टी कस्बे में रामराज इंटर कॉलेज के समीप कार और मैजिक डाला सवार लोगों के बीच साइड देने को लेकर विवाद हो गया। वाहन में तोड़फोड़ व मारपीट के दौरान गुजर रहे एएसपी पूर्वी दुर्गेश सिंह ने पट्टी पुलिस को मौके पर भेजा। पुलिसकर्मियों के पहुंचने पर भी मारपीट होती रही।
मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों से भी आरोपी भिड़ गए। गाली गलौज देते हुए जान से मारने की धमकी देने लगे। दरोगा शुभम सिंह का कहना है कि कार सवार लोगों ने सिपाही धर्मेंद्र को मारपीट कर घायल कर दिया। कोतवाली से पुलिसकर्मियों के पहुंचने के बाद सिपाही धर्मेंद्र की जान बची।
जिससे कस्बे में अफरा-तफरी कायम हो गई। लोग खौफ में दुकान बंद कर लिए।
घायल सिपाही को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया।
दरोगा शुभम सिंह की तहरीर पर पुलिस ने बीबीपुर निवासी प्रतिरोध सिंह उर्फ बंटी ,अश्विनी सिंह उर्फ महाकाल, दशरथपुर निवासी युवराज पांडेय , कस्बा निवासी एफाज आलम उर्फ चून्नू, धीरज पाठक व पांच अज्ञात हमलावरों के खिलाफ जानलेवा हमला, सरकारी कार्य में बाधा समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया।
पुलिसकर्मियों पर हमले के आरोपी प्रतिरोध सिंह उर्फ बंटी सिंह और अश्वनी सिंह उर्फ महाकाल को गिरफ्तार कर जेल भेजा। पट्टी कोतवाल आलोक कुमार ने बताया कि आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।