पट्टी में गैस सिलिंडर फटने से दो घर जलकर राख हो गए। पट्टी कोतवाली क्षेत्र के आशापुर गांव में बुधवार की दोपहर अचानक गैस सिलिंडर फटने से आग लग गई और इसमें महिला झुलस गई। स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक बुधवार की दोपहर आशापुर के राजकिशोर पांडेय की बहू खाना बनाने के लिए गैस सिलिंडर जलाने लगी।
गैस लीक होने से अचानक घर में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। थोड़ी देर में घर में रखा गैस सिलिंडर फट गया। इसके फटने के बाद आग ने पड़ोसी चंद किशोर के घर को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग को बढ़ते देख ग्रामीण परेशान हो गए।
पासपड़ोस के ग्रामीणों ने एकत्र होकर आग पर काबू पाने की कोशिश की। आग बुझाने के दौरान राजकिशोर पांडेय की बहू अनुराधा झुलस गई। हालांकि ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसमें राज किशोर पांडेय और चंद किशोर के घर जलकर राख हो गए। आग लगने से घर में रखे अनाज, पैसे और कपड़े सब कुछ जलकर राख खाक हो गए। गृहस्थी उजड़ जाने से पीड़ित परिवार रोने बिलखने लगे।
00
इनसेट-
दमकलकर्मियों ने बरती लापरवाही
स्थानीय लोगों के मुताबिक कंट्रोल रूम को घटना की जानकारी दी गई लेकिन दमकल की गाड़ी उपलब्ध न होने की बात कही गई। इतना ही नहीं विभाग से दो टूक जवाब दिया गया कि कि आग चाहे जितनी बड़ी लगी हो, अभी पहुंचना संभव नहीं है।