प्रतापगढ़ संसदीय सीट पर प्रत्याशियों की संख्या 26 होने से पांचों विधानसभा क्षेत्रों के 1902 बूथों पर 3,804 ईवीएम को लगानी पड़ेंगी। अगर प्रत्याशियों की संख्या 16 से कम होती तो 1902 ईवीएम से ही काम चल जाता। प्रत्याशियों की संख्या बढ़ने से ईवीएम की संख्या दोगुनी करनी पड़ी है।
जिले में ऐसा पहली बार होगा जब लोकसभा के चुनाव में दो-दो ईवीएम का प्रयोग हो रहा है। वर्ष 2022 विश्वनाथगंज विधानसभा में प्रत्याशियों की संख्या 23 होने से सभी बूथों पर दो-दो ईवीएम लगाई गईं थीं। लोकसभा के चुनाव में प्रत्याशियों की संख्या 26 होने से जिले भर के बूथों पर 3804 ईवीएम लगाई गई हैं। अगर बूथ पर एक ईवीएम खराब हो जाएगी, दूसरी स्वयं काम करनी बंद कर देगी। ऐसी दशा में दोनों ईवीएम को ठीक से जोड़ना मतदान कार्मिकों के लिए चुनौती होगा। उपजिला निर्वाचन अधिकारी त्रिभुवन विश्वकर्मा ने बताया कि सेक्टर मजिस्ट्रेटों के साथ मास्टर ट्रेनरों को तैनात किया गया है। अगर कोई दिक्कत आती है तो 15 मिनट के अंदर दूसरी ईवीएम पहुंच जाएगी।