नगर पालिका समेत टाउन एरिया में हो रहे विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान डीएम अमृत त्रिपाठी ने कार्रवाई की। दो अधिशासी अधिकारियों और अनुपस्थित एक सहायक अभियंता को प्रतिकूल प्रविष्टि दी। चेतावनी दी कि वित्तीय वर्ष के खत्म होने पर बगैर काम पूरा हुए पैसा वापस हुआ तो कार्रवाई होगी। जरूरी कार्यों को अविलंब पूरा करने का निर्देश दिया।
समीक्षा बैठक डीएम आवास स्थित कैंप कार्यालय में हुई। बेल्हा नगर पालिका और मानिकपुर नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी बैठक से गायब रहे। यही नहीं पालिका के सहायक अभियंता भी बैठक में उपस्थित नहीं हुए। इस पर डीएम ने तीनों अधिकारियों को प्रतिकूल प्रविष्टि दी। पालिका क्षेत्र की मुस्लिम बस्ती में नाला निर्माण की जरूरत बताई गई। नाला निर्माण के लिए सर्वे का काम अधिशासी अभियंता जलनिगम और एसडीएम सदर को सौंपा। उन्होंने दो टूक कहा कि विकास कार्यों के लिए आया धन वापस किया जाएगा तो संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
अंतू में मिनी नलकूल और नाली निर्माण के लिए प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश अधिशासी अधिकारी को दिया। डीएम ने कहा कि यहां पाइप लाइन के विस्तार का काम भी जल्द शुरू किया जाए। नगर पंचायत मानिकपुर में एक नाला और तीन नालियों के निर्माण की उन्होंने स्वीकृति दी। नगर पंचायत पट्टी में एक तालाब, तीन नाली और खराब सड़क के निर्माण की अनुमति प्रदान की। सड़क निर्माण के लिए टेंडर का निर्देश दिया। इसी तरह टाउन एरिया कटरामेदनीगंज में दो नाली और कुंडा में नाला निर्माण की बात सामने आई।
जिलाधिकारी अमृत त्रिपाठी ने वर्ष 2012-2013 में चयनित समग्र गांव लपकन का निरीक्षण किया। गौरा विकास खंड की इस ग्राम पंचायत में लोहिया आवास की अच्छी स्थिति देख खुश हुए डीएम ने बीडीओ की सराहना की। करीब दो किलोमीटर तक बनी सड़क खराब पाई गई। डीएम ने पीडब्लूडी के अधिशासी अभियंता को दुबारा बनवाने का निर्देश दिया। कहा कि ठेकेदार न सुने तो उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराएं। धनराशि की वसूली भी ठेकेदार से हो। हैंडपंप के पानी की जांच का आदेश दिया। लोगों ने सोलर लाइट लगवाने की मांग की। यादव बस्ती में सड़क बनाने का निर्देश दिया।