फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Pratapgarh News: शंटिंग के दौरान पटरी से उतरे ट्रेन के दो डिब्बे, पहुंचे डीआरएम

विज्ञापन
विज्ञापन
मां बेल्हा देवी धाम जंक्शन पर शंटिंग के दौरान मंगलवार सुबह 5:33 बजे जेल रोड स्थित रेलवे फाटक के समीप 13 डिब्बों वाली ट्रेन के दो डिब्बे पटरी से उतर गए। इससे करीब 10 घंटे ट्रेनों का आवागमन बाधित रहा। एक ट्रैक से ट्रेनों का संचालन धीमी गति से किया गया। डीआरएम एसएम शर्मा ने घटना स्थल का निरीक्षण कर जांच कमेटी गठित की है।
विज्ञापन

मंगलवार सुबह मां बेल्हा देवी धाम जंक्शन की नौ नंबर लाइन पर ट्रेन को शंटिंग कर चिलबिला जंक्शन की ओर ले जाया जा रहा था। ट्रेन जैसे ही जेल रोड क्रॉसिंग के पास पहुंची पीछे के एक एसी व एक अनारक्षित कोच पटरी से उतर गए। लोको पायलट ने तत्काल हादसे की सूचना रेलवे अधिकारियों व आरपीएफ को दी। लखनऊ स्थित कंट्रोल रूम को घटना की जानकारी दी गई।
रेल अधिकारियों ने तत्काल ट्रेनों के संचालन को रोक दिया। जेल रोड रेलवे क्रॉसिंग को भी बंद कर दिया गया। सड़क के दोनों ओर बैरिकेडिंग कर आरपीएफ व जीआरपी को तैनात कर दिया गया। मां बेल्हा देवी धाम आने वाली ट्रेनों को चिलबिला जंक्शन पर रोक दिया गया।
विज्ञापन

सुबह नौ बजे डीआरएम घटना स्थल पहुंचे। उन्होंने रेलवे अधिकारियों को एक ट्रैक से कॉसन द्वारा ट्रेनों के संचालन के निर्देश दिए। काफी मशक्कत के बाद शाम चार बजे पटरी से डिब्बों को हटाया गया। देर शाम तक डीआरएम मां बेल्हा देवी धाम जंक्शन पर मौजूद रहे। उन्होंने स्टेशन अधीक्षक शमीम अहमद, सीटीआई, सीएमआई, इंजीनियरिंग विभाग समेत अन्य अधिकारियों से हादसे के संबंध में जानकारी ली।

हादसे के समय हुई तेज आवाज
जेल रोड स्थित सिप्तैन रोड निवासी गोविंद ने बताया कि वह घर से बाहर सो रहे थे। सुबह तेज आवाज हुई तो उनकी नींद खुल गई। पता चला कि पटरी से ट्रेन के डिब्बे उतर गए हैं। धीरे-धीरे ट्रेन के पास लोगों की भीड़ जमा हो गई।
काम नहीं कर रहा वॉकी-टॉकी
रेलवे के सूत्रों ने बताया कि वॉकी-टॉकी होता तो हादसा बच सकता था। शंटिंग के दौरान वहां मौजूद कर्मचारियों के पास वॉकी-टॉकी नहीं था। जो वॉकी-टॉकी विभाग से मिले थे वह खराब हो चुके हैं। जेल रोड रेलवे क्रॉसिंग पर यह तीसरा हादसा है।

घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। इस संबंध में स्थानीय अधिकारियों से जानकारी ली जा रही है। जांच रिपोर्ट के बाद ही कारणों का पता चलेगा। लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
एसएम शर्मा, डीआरएम लखनऊ मंडल

देरी से पहुंचीं ट्रेनें, यात्री परेशान
प्रतापगढ़। रायबरेली-जौनपुर इंटरसिटी साढ़े तीन घंटे एवं लखनऊ-रायबरेली इंटरसिटी दो घंटे लेट रहीं। लखनऊ-प्रयागराज पैसेंजर तीन घंटे, देहरादून-बनारस जनता एक्सप्रेस दो घंटे व दिल्ली-वाराणसी स्पेशल ट्रेन साढ़े चार घंटे लेट रही। पद्मावत एक्सप्रेस, बनारस-रायबरेली पैसेंजर व लखनऊ प्रयागराज पैसेंजर को कॉसन पर चलाया गया।
त्योहार पर वाराणसी घर जा रहे राजेश कुमार पांडेय ने बताया कि वह सुबह नौ बजे स्टेशन पर पहुंच गए थे। हादसे के कारण ट्रेन तीन घंटे तक लेट हो चुकी है। आगे कितना समय लगेगा, पता नहीं। दिलीपपुर निवासी राजेश तिवारी ने बताया कि उन्हें लखनऊ जाना है। ट्रेन काफी लेट है, अब बस से जाऊंगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें