प्रतिज्ञा धारावाहिक में ठाकुर सज्जन सिंह के किरदार से लोगों के दिलों में जगह बनाने वाले शहर के स्टेशन रोड के रहने वाले टीवी और फिल्म कलाकर अनुपम श्याम ओझा की हालत नाजुक है। मुंबई के गोरेगांव स्थित लाइफ लाइन अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। किडनी में दिक्कत की वजह से वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे।
शहर के स्टेशन रोड के रहने वाले अनुपम श्याम ओझा ने फिल्मों में काफी लंबे समय तक छोटे-मोटे रोल किए, मगर उन्हें पहचान टीवी धारावाहिक प्रतिज्ञा में ठाकुर सज्जन सिंह के किरदार से मिली। अपने किरदार से उन्होंने लोगों के दिलों में जगह बनाई।
देशभर में उनके फैंस हैं। इसके अलावा उन्होंने कई अन्य धारावाहिकों में भी हिट रोल किए हैं। उन्हें कई महीनों से किडनी मेें दिक्कत थी। मुंबई में उनका इलाज चल रहा था। 27 जुलाई की रात अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई। आनन-फानन में परिजनों ने उन्हें उपचार के लिए गोरेगांव स्थित लाइफ लाइन अस्पताल में भर्ती कराया। उनके करीबी मुक्कू ओझा ने बताया कि उनका इलाज चल रहा है। इधर इस खबर से अनुपम श्याम ओझा के चाहने वालों में मायूसी है।
शर्मशार करने वाली है आगरा की घटना: आराधना
कांग्रेस विधान मंडल दल की नेता आराधना मिश्रा मोना ने पर्यटन नगरी आगरा की घटना को लेकर प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर उच्चस्तरीय जांच कराए जाने की मंाग की है। उन्होंने कहा कि अतंर्राष्ट्रीय पर्यटन स्थल ताजनगरी आगरा में मानवता को तार-तार करने वाली घटना हुई है। उन्होंने कहा कि चिता से एक महिला का शव महज इसलिए हटा दिया गया, क्योंकि वह दलित थी। उसके पिता और दो साल के बेटे को मजबूर किया गया कि वह महिला का शव अन्यत्र ले जाकर अंतिम संस्कार करें। यह घटना दिल को झकझोर देने वाली है।
दलित हित का ढिढोरा पीटने वाली भाजपा सरकार पर सवाल खड़े करने वाली है। इसकी उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए। महिला आयोग, बाल आयोग तथा अनुसूचित जाति, जनजाति आयेाग को इसका संज्ञान लेना चाहिए। उन्होंने सवाल खड़े करते हुए कहा कि छोटी-छोटी बातों पर नोटिस देने वाले आखिर अब खामोश क्यों हैं।