प्रतापगढ़। प्रयागराज में आयोजित होने वाले महाकुंभ में आरएसएस (राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ) द्वारा नेत्र कुंभ का आयोजन किया गया है। जिले की आरएसएस की टीम जिले के नेत्र रोगियों की खोज कर रही है। नेत्र कुंभ में देश के प्रसिद्ध नेत्र चिकित्सक आपरेशन से लेकर जांच तक नि:शुल्क करेंगे। अब तक जिले के 1000 नेत्र रोगी चिह्नित कर लिए गए हैं। जिनका इलाज कराया जाएगा।
प्रयागराज में संगम की रेती पर आयोजित महाकुंभ में सामाजिक संस्थाओं द्वारा मानवता एवं समाजसेवा का संदेश दिया जाएगा। जगह-जगह शिविर लगाकर नि:शुल्क दवाओं का वितरण होगा तो कहीं भंडारे का। कंबल वितरण भी होगा। नेत्र रोगियों के नि:शुल्क इलाज के नेत्र कुंभ आयोजित किया गया है। जिसमें 5 लाख नेत्र रोगियों का इलाज मुफ्त किया जाएगा। आपरेशन, चश्मा और दवाइयां मुफ्त दी जाएंगी। नेत्रकुंभ के लिए जिले में आरएसएस (राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ) की टीम काम कर रही है। सभी ब्लाकों में स्वयंसेवकों की टीम तैनात की गई है, जो गांव-गांव भ्रमण कर नेत्र रोगियों को चिह्नित कर रही है।
रानीगंज, पट्टी, लालगंज, कुंडा व सदर तहसील से अब तक कुल 1000 नेत्र रोगियों को चिह्नित किया गया है। जिसमें आपरेशन के मरीज अधिक हैं। इसके अलावा बाकी मरीजों की जांच के चश्मा वितरण किया जाएगा। 15 जनवरी से 4 मार्च तक नेत्र कुंभ चलेगा। आरएसएस के जिला प्रचारक प्रवेश ने बताया कि स्वयंसेवकों की टीम जिले के सभी ब्लाकों का भ्रमण कर रही है। सूची तैयार की जा रही है। जिला कार्यालय पर संपर्क कर सकते हैं।