नगर पंचायत पृथ्वीगंज स्थित पूरेहीरामन विद्युत उपकेंद्र में सोमवार की शाम 5 एमवीए का ट्रांसफार्मर जल गया। आग की लपटें उठती देख कर्मचारी भाग निकले। मुख्य ट्रांसफाॅर्मर जलने से 25 गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। मामले में उपकेंद्र के जेई व कर्मचारियों की लापरवाही सामने आई है। अधीक्षण अभियंता ने जांच का निर्देश दिया है। इसी तरह रानीगंज और कटरागुलाबसिंह इलाके में भी ट्रांसफॉर्मर फुंक गए। बड़ी आबादी बिना बिजली के परेशान रही।
सोमवार की देर शाम अचानक उपकेंद्र के स्थापित मुख्य ट्रांसफार्मर जलने लगा। माना जा रहा है कि शाॅर्टसर्किट के बाद आग लगी। आग बढ़ती देख कर्मचारी जान बचाकर भाग निकले। सूचना पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने बालू की मदद से आग पर काबू पाया।
सूत्रों के अनुसार तेल कम होने की वजह से मुख्य ट्रांसफार्मर में आग लगी। इस प्रकरण की जांच के लिए अधीक्षण अभियंता सतपाल ने रानीगंज डिवीजन के अधिकारियों को मौके पर भेजा। उपकेंद्र से जुड़े मोलनापुर , भूईदहा, पूरे हीरावन, मकरी, सराय भरत राय, परशरामपुर, कलीपुर मैनहा सहित 25 गांवों की बिजली आपूर्ति ठप है। ट्रांसफॉर्मर कब बदला जाएगा, इस बारे में विद्युत अधिकारी साफ नहीं बता रहे हैं।
इसी तरह रानीगंज कस्बे में सोमवार की 400 केवीए का ट्रांसफार्मर फुंक गया। तुरंत तहसील मुख्यालय की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। क्षेत्र के ट्रामा सेंटर, थाना सहित बाजार के सैकड़ों घरों में पूरी रात अंधेरा रहा। रानीगंज एसडीओ अखिलेश गुप्ता ने बताया कि मंगलवार की शाम ट्रांसफॉर्मर बदलकर बिजली आपूर्ति बहाल कराई गई।
कटरा गुलाब सिंह नगर पंचायत के पूरे वैष्णव वार्ड में सोमवार की रात 150 केवीए का ट्रांसफाॅर्मर जलने से 25 घरों की बिजली ठप हो गई। पूरी रात लोग अंधेरे में रहे। मंगलवार दोपहर तक सरायभूपत उपकेंद्र के जेई ने ट्रांसफाॅर्मर बदलवाकर बिजली आपूर्ति बहाल कराई। सभी क्षेत्रों में लोग बिना बिजली के परेशान रहे।
.............
फाॅल्ट से बिजली की आवाजाही
शहर क्षेत्र के दहिलामऊ, रूपापुर, कादीपुर, चिलबिला, बाबागंज उपकेंद्र पर सोमवार रात व मंगलवार दोपहर हल्की बारिश व तेज हवाओं की वजह से फाॅल्ट आ गया। इस दौरान बिजली की आवाजाही लगी रही। रात के समय अलग- अलग उपकेंद्रों पर लोकल फाॅल्ट की वजह से दो से तीन घंटे तक बिजली गुल रही।