नगर पंचायत कुंडा के नरसिंहगढ़ वार्ड में दो दिन पूर्व बिजली गिरने से 250 केवीए का विद्युत ट्रांसफार्मर फुंक गया। इससे लगभग दो सौ घरों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई है। इससे भीषण गर्मी को काटना लोगों पर भारी पड़ रहा है।
चौसा उपकेंद्र के नरसिंहगढ़ गांव में दो दिन से बिजली नहीं आने से पंखा, एसी सब बेकार हो गए हैं। भीषण गर्मी में गांव के लोग बिजली आने की प्रतीक्षा कर रहे हैं। बिजली विभाग के हेल्पलाइन नंबरों के साथ ही अफसरों से शिकायत कर अविलंब आपूर्ति बहाल करने की मांग की गई है। मगर अभी तक ट्रांसफार्मर नहीं लगने से उपभोक्ताओं में गहरी नाराजगी है।
वार्ड के राकेश यादव, संजय गुप्ता, अखिलेश यादव, सोनू यादव, मोती लाल, पप्पू, सुरेश ने विद्युत विभाग के अफसरों से अविलंब नया ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। चौंसा उपकेंद्र के अवर अभियंता ब्रिजेश यादव का कहना है कि ट्रांसफार्मर को बदलने का कार्य प्रगति पर है, जल्द ही आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।