मां बेल्हादेवी जंक्शन होकर गुजरने वाली पद्मावत सहित 12 ट्रेनें रविवार को निरस्त रहीं। जबकि 15 ट्रेनें अपने समय की पटरी से उतर गईं हैं। इससे यात्रियों को परेशान होना पड़ रहा है। तमाम लोगों ने यात्रा निरस्त कर दिया तो कुछ लोगों ने रोडवेज का सहारा लिया।
मां बेल्हादेवी जंक्शन से संचालित अप- डाउन पद्मावत एक्सप्रेस, अप डाउन जनता और पंजाबमेल, काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस, प्रयागराज संगम एक्सप्रेस, वाराणसी- दिल्ली नई दिल्ली एक्सप्रेस, पीआरएल पैसेंजर और गरीबरथ एक्सप्रेस रविवार को निरस्त रही।
जबकि अयोध्या जाने वाली साकेत एक्सप्रेस तीन घंटे, रिंग रेल सेवा तीन घंटे, अयोध्या छावनी मेमू दो घंटे, महाकुंभ स्पेशल एक घंटे, प्रयाग जाने वाली सरयू एक्सप्रेस डेढ़ घंटे, कुंभ स्पेशल सवा घंटे, मुंबई जाने वाली साकेत एक्सप्रेस एक घंटे, अयोध्या, लखनऊ, प्रयागराज रिंग रेल पांच घंटे, वाराणसी, अयोध्या रिंग रेल ढाई घंटे की देरी से जंक्शन पर पहुंची।
स्टेशन अधीक्षक शमीम अहमद ने बताया कि लखनऊ-वाराणसी मालदा टाउन- ढाई घंटे, लखनऊ-वाराणसी इंटरसिटी दो घंटे, लखनऊ-प्रयाग रिंग रेल- पांच घंटे, नीलांचल दो घंटे की देरी से जंक्शन पर पहुंची।
राजगढ़ निवासी मुकेश श्रीवास्तव ने बताया कि उन्हें एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गौरीगंज जाना था। अधिकांश ट्रेनें निरस्त होने के कारण परेशान होना पड़ा। स्पेशल ट्रेनों में बैठने की बात दूर खड़े होने भर का जगह नहीं मिल रहा है। कोपा निवासी सूरज पटेल ने बताया कि उन्हें दिल्ली जाना है। पद्मावत का टिकट एक माह पहले कराए थे। मगर ट्रेन के निरस्त होने के कारण यात्रा रद्द करना पड़ा।