जिले के लोगों की इस रेल बजट से काफी अपेक्षाएं हैं। उनमें से एक है सीधे गुजरात जाने वाली ट्रेन सुविधा। अभी यहां के लोगों को इलाहाबाद व सुल्तानपुर जाना पड़ता है। इस बाबत सांसद हरिवंश सिंह से मांग की गई है।
प्रतापगढ़ स्टेशन को देश के लगभग हर हिस्से से जोड़ा गया है। मगर सूरत व अहमदाबाद जैसे शहरों के लिए यहां से कोई सीधी ट्रेन सेवा नहीं है। जबकि, वहां रहकर नौकरी, व्यवसाय और पढ़ाई करने वालों की तादात काफी है। ऐसे लोगों को आने जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। अगर यहां से सीधी ट्रेन सेवा हो जाए तो यहां से गुजरात नजदीक हो जाएगा।
प्रतापगढ़ को छोड़ दिया जाए तो इसके आसपास के स्टेशनों से अहमदाबाद के लिए ट्रेन चल रही है। यहां के लोगों को अहमदाबाद जाने के लिए इलाहाबाद, सुल्तानपुर, लखनऊ, फैजाबाद और वाराणसी स्टेशन के धक्के खाने पड़ते हैं। अगर ट्रेन की सुविधा मिल जाती है तो जनपदवासियों के लिए बड़ी राहत होगी।