स्टेनली रोड से मलाक हरहर छह लेन पुल पर बिना रुके ही वाहनों का टोल कटेगा। पुल पर गाड़ी के बिना रुके टोल कटने की प्रणाली (मल्टी-लेन फ्री-फ्लो) बैरियर-फ्री टोलिंग लगेगी। यह अत्याधुनिक टोल सिस्टम होगा।
टोल के लिए कोई बैरियर व स्थान का निर्माण नहीं किया जाएगा। सड़क के किनारे लगे एआई कैमरे सड़क पर दौड़ते वाहनों के फास्टैग और नंबर प्लेट को स्कैन कर लेंगे। पैसे न होने की वजह से अगर टोल नहीं कटता है तो वाहन स्वामी के मोबाइल पर 72 घंटे के भीतर नोटिस पहुंच जाएगा।
टोल का संचालन सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय (मोर्थ) करेगा। टोल की स्थापना मलाक हरहर की तरफ होगी। हालांकि टोल के आसपास वाहनों की स्पीड को 50 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार के आसपास करनी होगी।
निर्माणाधीन छह लेन पुल की शुरुआत 15 नवंबर से होगी। शुरुआत में एक लेन को संचालित किया जाएगा। 15 दिसंबर से दूसरी लेन शुरू होगी। इन दिनों पुल पर फिनिशिंग का काम चल रहा है। पुल पर लोड टेस्टिंग का काम भी शुरू हो चुका है जो 10 नवंबर तक चलेगा।
-
पुल बनने से लाभ
पुल के बनने से प्रयागराज से लखनऊ, प्रतापगढ़, सुल्तानपुर, अयोध्या व गोरखपुर का सफर आसान हो जाएगा। ऐसे में लोगों को शहर के जाम से छुटकारा मिलेगा और कम समय में सफर पूरा होगा। वहीं, फाफामऊ शहीद चंद्र शेखर आजाद पुल पर यातायात का दबाव भी कम होगा। इतना ही नहीं, तेलियरगंज, गोविंदनगर, फाफामऊ व शांतिपुरम में लगने वाले जाम से लोगों को राहत मिलेगी।
छह लेन पुल पर मलाक हरहर की तरफ टोल की स्थापना की जाएगी। यह बैरियर-फ्री टोलिंग सिस्टम प्रणाली होगी। जहां वाहनों के बिना रुके उनका टोल कट जाएगा। इससे पुल पर जाम नहीं लगेगा और लोगों का समय भी बचेगा। - सुनील सिंगला, निदेशक, एसपी सिंगला कंस्ट्रक्शंस प्राइवेट लिमिटेड