राशन लेने में सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ाने वाले शहर और गांव के लोगों लिए अब टोकन व्यवस्था लागू की गई है। कोटेदार के यहां राशन लेने के लिए उमड़ने वाले ग्राहकों की भीड़ रोकने के लिए यह पहल की गई है।
जिले के उपभोक्ताओं को 15 से 19 अप्रैल के बीच दोबारा राशन का वितरण किया जाएगा। इसके लिए 14 अप्रैल को सभी ई-पॉस मशीन स्वत: अपडेट हो जाएंगी।
जिले के 5,58,561 राशनकार्ड धारकों के लिए राहत भरी खबर है। अप्रैल माह में उन्हें दो बार राशन मिलेगा। जिन उपभोक्ताओं को राशन का वितरण किया जा रहा है, उन्हें दूसरे चक्र में 15 से 19 अप्रैल के बीच फिर राशन दिया जाएगा। कोटेदारों के यहां अधिक भीड़ को रोकने के लिए अब टोकन व्यवस्था लागू कर दी गई है।
कोटेदार अब उपभोक्ताओं को टोकन का वितरण करेंगे। उपभोक्ता टोकन लेकर दुकान पर आएंगे और अपना हिस्से का राशन ले जाएंगे। सोशल डिस्टेंसिंग को बरकरार रखने के लिए अफसरों ने यह व्यवस्था बनाई है।
प्रत्येक यूनिट पर पांच किग्रा की दर से राशन का वितरण करने के लिए प्रतिमाह जिले को मिलने वाला राशन इस माह लगभग तीन गुना आया है। शहर और गांव के लोग राशन तो लें, मगर सामाजिक दूरी बनाना आवश्यक हो गया है।
जिले में कोरोना के तीन मरीज मिलने के बाद शहर से गांव तक के लोगों को सावधान रहने की आवश्यकता है। इसके लिए अफसरों को कड़ाई से सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने को कहा जा रहा है।
इन लोगों को मुफ्त में मिलेगा राशन
अंत्योदय, जाबकार्डधारक और श्रम विभाग में पंजीकरण कराने वालों को मुफ्त राशन मिलेगा, जबकि अन्य उपभोक्ताओं को दो रुपये प्रति किग्रा गेहूं और तीन रुपये प्रति किग्रा की दर से राशन वितरित किया जाएगा।
एक-एक किग्रा मिलेगी अरहर की दाल
15 अप्रैल से राशन के साथ ही एक-एक किग्रा दाल सभी राशनकार्ड धारकों को वितरित की जाएगी। दाल के लिए उपभोक्ताओं को कोई धनराशि नहीं देनी होगी।
जिले में राशन की कोई कमी नहीं है, शासन ने अप्रैल और मई का अतिरिक्त राशन मुहैया करा दिया है। कोटेदारों की दुकानों पर भीड़ से बचें, एक-दूसरे के बीच उचित दूरी बनाए रखें। सुनील कुमार, डीएसओ