टप्पेबाजी कर रुपये उड़ाने वाले सगे भाई समेत तीन बदमाशों को रानीगंज पुलिस ने दबोच लिया। उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जेल भेज दिया। पकड़े गए आरोपियों में एक मुंबई का रहने वाला भी शामिल है। जो शहर के जेल रोड पर किराए के मकान में रहता था।
अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर रानीगंज पुलिस ने दांदूपुर रेलवे स्टेशन मोड़ से शुक्रवार की शाम तीन लोगों को पुलिस ने दबोच लिया। जिनके पास से नोट की गड्डी यानि बंडल से दिखाई देने वाला कागज मिला।
पुलिस ने जब सभी को कर्रा किया तो पकड़े गए तीनों बदमाशों ने बताया कि वे लोग बैंको की लाइन में लगे लोगों से बैंक में पैसा जमा करने व निकालने वाले व्यक्तियों को रुपये का बंडल दिखाकर असली नोट बताते हुए उनसे असली रुपये ले लेते थे। बातचीत करते हुए बहाने से वे फरार हो जाते थे। यह काम वह लोग शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों में भी किया करते थे।
पुलिस ने पकड़े गए सगे भाई मोहम्मद शहनबाज , शोएब पुत्रगण अख्तर निवासी जेल रोड और कबीर पटेल पुत्र अशोक पटेल निवासी नाला सोपारा, ईस्ट भारत बन्दन, अपार्टमेन्ट 04 फ्लोर, कमरा नंबर 401, डी विंग पालघर, महाराष्ट्र। टप्पेबाज कबीर जेल रोड पर किराए पर कमरा लेकर रहता था। पुलिस ने सभी को जेल भेज दिया।
बेकरी से लूट करने वाले तीन बदमाशों को मुठभेड़ में पुलिस ने दबोचा
नगर कोतवाली के टेऊंगा में बेकरी से 50 हजार रुपये लूटने वाले तीन बदमाशों को एटीएल ग्राउंड में मुठभेड़ के दौरान दबोच लिया। जबकि सरगना समेत तीन फरार हैं। उनकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। लूटपाट करने वालों के पास से लूट के पांच हजार रुपये, दो मोबाइल, दो असलहा बरामद कर जेल भेज दिया।
सीओ सिटी अभय पांडेय ने बताया कि पकड़े गए अर्सलान खान पुत्र सुबराती निवासी पूर्वी सहोदरपुर ने बताया कि अबू सलीम पुत्र जाबिद अली निवासी छत्ता का पुरवा व आदेश सिंह पुत्र नवनीत सिंह निवासी अजीत नगर, राजू उर्फ राशिद पुत्र गुड्डू निवासी भुलियापुर, आशिफ पुत्र आसिम और आदिल पुत्र गुलहसन निवासी पूरे पितई देवकली के साथ मिलकर टेऊंगा स्थित विनोद की बेकरी में घुसकर असलहा सटाकर 50 हजार रुपये लूट लिया था। लूट में अर्सलान व आदेश ने बरामद बाइक से रेकी की थी।
लूट के रुपये में अर्सलान व आदेश को पांच-पांच हजार रुपये हिस्सा मिला था। अन्य लोगों ने दस-दस हजार रुपये लिया था। तीनों के पास से लूटे गए पांच हजार रुपये भी मिले। कुछ रुपये खर्च हो गए। लूट की घटना में शामिल सरगना राजू उर्फ राशिद, आशिफ व आदिल फरार हैं। उनकी तलाश में पुलिस टीम काम कर रही है।
कंधई में जुए की फड़ व टाइनी शाखा मिली थी बंद
सीओ सिटी अभय पांडेय ने बताया कि पकड़े गए तीनों बदमाशों ने बताया कि घर से सभी पढ़ाई लिखाई की बात कहकर निकलते थे मगर वे लूटपाट की घटना अंजाम देने के लिए चल देते थे। पूछताछ में तीनों ने बताया कि टेऊंगा वाली घटना को अंजाम देने के पहले सभी कंधई थाना क्षेत्र में पड़ने वाली एक टाइनी शाखा लूटने गए थे। मगर उनके पहुंचने पर वह बंद मिली।
कंधई के ही चौखड़ा गांव में जुए की फड़ चलती है। जानकारी मिली थी कि उस फड़ पर अधिक रुपये मिल सकते हैं। इसलिए वहां सभी लोग बाइक से पहुंचे। उन लोगों के पहुंचने से कुछ पहले पुलिस पहुंच गई थी। जिससे जुआ बंद हो गया था। कई अन्य वारदातों को अंजाम देने के लिए वे तैयारी कर रहे थे, मगर पहले ही पकड़ लिए गए। राजू उर्फ राशिद मास्टरमाइंड है। वह घर से फरार चल रहा है। कालेज में पढ़ने वाले अपने बच्चों पर अभिभावकों को नजर रखने की जरूरत है।