जनपद में 20 घंटे के भीतर सड़क ट्रेन दुर्घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई। वहीं, एक युवक ने ट्रेन के आगे लेटकर जान दे दी। अपनों को खोने की जानकारी मिलते ही परिजन रोते बिलखते घटनास्थलों पर पहुंचे। सूचना पर पहुंची पुलिस आवश्यक कार्रवाई करती रही।
वाहनों की टक्कर से दो युवकों की मौत
प्रयागराज-अयोध्या राजमार्ग पर बबुरहा मोड़ के पास रविवार की देर रात अज्ञात वाहन ने सड़क पार कर रहे 45 वर्षीय युवक को टक्कर मार दी जिससे उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे चौकी प्रभारी वरुण सिंह ने उसकी पहचान कराने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली। सोमवार की सुबह उसकी पहचान देहात कोतवाली के रंगौली कनिस्ता निवासी 45 वर्षीय अशोक गौतम (45) के रूप में हुई। पुलिस आरोपी वाहन चालक की तलाश कर रही है। वहीं, महेशगंज-डेरवा मार्ग पर बाजार के करीब रविवार की देर रात अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक से घर जा रहे महेशगंज थाना क्षेत्र के लोचनगढ़ निवासी 30 वर्षीय महेश उर्फ मनीष गौतम गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पुलिस उसे मेडिकल कॉलेज ले गई जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक पांच भाइयों में मझला था। उसके दो बेटे मयंक व मानस हैं। मृतक की मां कुसुम व पत्नी शालिनी का रो-रोकर बुरा हाल है।
ई-रिक्शा की टक्कर से युवक की मौत, चालक फरार
संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के रामपुर बाबू रायजहांपुर निवासी अनिल कुमार पटेल (40) सोमवार की सुबह सामान खरीदने के लिए घर से बाजार के लिए निकले थे। इसी दौरान लखपेड़ा की ओर से आ रहा एक ई-रिक्शा टक्कर मारते हुए उनके ऊपर पलट गया। हादसे में अनिल गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, चालक ई-रिक्शा छोड़कर भाग निकला। सूचना पर परिजन अनिल को लखपेड़ा स्थित निजी चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे। उसकी हालत नाजुक देख चिकित्सक ने उसे संग्रामगढ़ सीएचसी रेफर कर दिया जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
रेलवे पटरी पर लेटकर हलवाई ने दी जान
नगर पंचायत के सुल्तानपुर ज्वाला देवी मंदिर के करीब रहने वाले 50 वर्षीय शिवभोला गुप्ता शादी-विवाह में हलवाई का करते थे। सोमवार दोपहर को घर से करीब पांच सौ मीटर दूर वह चेहरे को ढककर रेलवे लाइन के आसपास घूमते रहे। स्थानीय लोगों के अनुसार दोपहर करीब 2:30 बजे एक मालगाड़ी प्रयागराज की ओर जाती दिखी। इस बीच शिवभोला गुप्ता अचानक रेलवे लाइन पर सिर रखकर लेट गए। मालगाड़ी गुजरने से उनका सिर धड़ से अलग हो गया। जानकारी के बाद लोको पायलट ने मालगाड़ी रोक दी। सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। कुछ ही देर में पुलिस व परिवार के लोग पहुंचे। उनकी मौत से पत्नी गुड़िया देवी, बेटे सोनू गुप्ता, मोनू गुप्ता और बेटी मालती देवी रोते-बिलखते रहे। घटना के कुछ देर बाद ऊंचाहार आरपीएफ घटना स्थल पर पहुंचकर छानबीन करने लगी। उन्होंने आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इसके बारे में परिजन भी कुछ नहीं बता सके।
मानिकपुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन कटकर हलवाई की मौत के बाद जुटी भीड़। संवाद
मानिकपुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन कटकर हलवाई की मौत के बाद जुटी भीड़। संवाद