लखनऊ-वाराणसी राजमार्ग पर मंगलवार को बेकाबू कार पेड़ से टकरा गई। इससे कार सवार अंबेडकरनगर जनपद के रहने वाले नलकूप ऑपरेटर समेत तीन लोगों की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल ऑपरेटर के बेटे व पोते को डाक्टरों ने इलाहाबाद रेफर कर दिया।
जनपद अंबेडकरनगर के भीटी थाना क्षेत्र के घाटमपट्टी निवासी कृष्ण कुमार (57) अकबरपुर में नलकूप विभाग में ऑपरेटर थे। वह सोमवार की रात अपने परिवार के साथ कार से देवी दर्शन करने मिर्जापुर के विंध्याचल गए थे। पूजापाठ करने के बाद मंगलवार दोपहर लखनऊ-वाराणसी हाइवे से होकर घर लौट रहे थे। कार कृष्ण कुमार ही चला रहे थे। आगे की सीट पर बेटी रूबी उर्फ रागिनी (25), पीछे की सीट पर पत्नी शीला (55), बेटा अजीत कुमार (28) व पोता हितेश (9) बैठे थे। रानीगंज थाना क्षेत्र के शिवनाथ तारा के पास कार बेकाबू हो गई। कृष्ण कुमार ने कार को नियंत्रण में करने की कोशिश की, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। तेज रफ्तार कार खड्ड में पेड़ से जा टकराई। इससे उसके परखचे उड़ गए। जोरदार आवाज सुनकर आसपास के लोगों के साथ ही राहगीर भी दौड़ पड़े।
कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने के बाद सभी को एंबुलेंस व दूसरे वाहनों से सीएचसी भेजा गया। वहां डाक्टरों ने सभी का प्राथमिक इलाज करने के बाद जिला अस्पताल भेज दिया। यहां डाक्टरों ने कृष्ण कुमार को मृत घोषित कर दिया। शाम को इलाज के दौरान रूबी और शीला ने भी दम तोड़ दिया। इस बीच मृतक के रिश्तेदार अस्पताल पहुंचे और घायल अजीत व उसके बेटे हितेश को इलाहाबाद ले गए। घटना की खबर मिलते ही मृतक के घर में रोना-पिटना मच गया।