जनपद में दो दिन के भीतर अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि चार की हालत गंभीर है। मामले में पुलिस जांच-पड़ताल करती रही।
रायबरेली के ऊंचाहार कोतवाली क्षेत्र के चंदी का पुरवा निवासी निशा (30) बृहस्पतिवार की रात अपने परिवार के नितिन (17), मोहिनी (13), पुष्पा (20) व वंदना (19) के साथ गांव के ही ई-रिक्शा चालक बबलू (35) के साथ दर्शन के लिए मनगढ़ धाम गई थीं। आधी रात सभी वापस घर लौट रहे थे। प्रयागराज-लखनऊ हाईवे से नवाबगंज के वाजिदपुर गांव के करीब कार ने ई-रिक्शा में टक्कर मार दी। इससे नितिन की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि ई-रिक्शा के परखच्चे उड़ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को सीएचसी कालाकांकर पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को जिला अस्पताल रायबरेली रेफर कर दिया गया। यहां डॉक्टर ने ई-रिक्शा चालक बबलू को मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक हादसे में शामिल कार को कब्जे में लेकर चालक की तलाश की जा रही है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
लीलापुर के क्षेत्र के गहिरी मोड़ पर शुक्रवार दोपहर बेकाबू वाहन ने उमागंज निवासी रामनरेश वर्मा (70) की साइकिल में टक्कर मार दी। आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे और उन्हें ट्रामा सेंटर पहुंचाया गया। वहां चिकित्सक ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि वह हरिहरपुर कैलहा रिश्तेदारी से घर लौट रहे थे। खबर मिलने पर पत्नी धनपत्ति देवी रोते-बिलखते पहुंचीं। मृतक का बड़ा बेटा हरिनाथ व छोटा बेटा संतोष कुमार किसानी करते हैं। मझले बेटे रवि मुंबई व सज्जन लाल नागपुर में रहते हैं। बेटी कुसुम की शादी हो चुकी है।