प्रतापगढ़। बाबागंज ब्लॉक के झींगुर ग्राम पंचायत के ग्राम प्रधान करुणा तिवारी का आरोप है कि मतदाता सूची में गांव के तीन सौ से अधिक लोगों के नाम गायब हैं। एसडीएम कुंडा को ज्ञापन सौंपकर अविलंब लोगों का नाम जोड़वाने की मांग की है।
आरोप है कि वर्ष 2026 की अंतिम मतदाता सूची का परीक्षण करने पर लगभग 300 पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल नहीं किए गए। बताया गया कि बीएलओ को सभी अभिलेख समय से उपलब्ध करा दिए गए थे। इसके बाद भी वोटरों के नाम गायब हैं। ग्राम प्रधान ने उपजिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
मतदाता सूची से नाम कटने पर ग्रामीणों में नाराजगी
भवानीगढ़ गांव में 100 से अधिक लोगों का नाम मतदाता सूची से कट गया है। आरोप है कि मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन में इन लोगों के नाम गायब हैं। ग्रामीणों ने बीएलओ, बीडीओ, एसडीएम व डीएम से भी शिकायत की लेकिन अभी तक कोई पहल नहीं हुई है।
गांव के अनिरुद्ध सिंह यादव, अशर्फीलाल पटेल, भइया राम यादव, दिलीप कुमार, कंचन देवी, राजकुमारी, राम आसरे, राम सजीवन, नन्हे लाल ने जिलाधिकारी से पूरे मामले की जांच कराकर छूटे हुए नामों को शामिल कराने की मांग की है।