Three arrested including Saraf in the case of dacoity in Shyam Bihari street
प्रतापगढ़। शहर के श्याम बिहारी गली सराफा मार्केट में दिनदहाड़े हुई डकैती के मामले में पुलिस ने साजिश के आरोपी सराफ समेत तीन लोगों को दबोच लिया है। उनसे पूछताछ के बाद लूटे गए आभूषण की बरामदगी के लिए पुलिस प्रयास कर रही है। हालांकि पुलिस अभी कुछ भी खुलकर बताने से इनकार कर रही है।
शहर के श्याम बिहारी गली सराफा मार्केट में 7 जनवरी की सुबह सराफ सुरेश सोनी की दुकान में घुसे सात बदमाशों ने असलहे के बल पर 90 लाख रुपये के आभूषण, मोबाइल व दस हजार रुपये लूट लिए थे। दिनदहाड़े हुई इस घटना से सनसनी फैल गई थी। कुछ दिन पूर्व पुलिस ने इस घटना में शामिल रहे तीन बदमाशों को मुठभेड़ में दबोच लिया था। उनके पास से लूट के कुछ जेवरात बरामद हुए थे। घटना में शामिल एक महिला को भी पुलिस ने बाद में जेल भेजा था। पूछताछ के दौरान पता चला था कि एक सराफ ने ही घटना की साजिश रची थी।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि आरोपी सराफ समेत तीन लोगों को बृहस्पतिवार रात पुलिस ने हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ के बाद पुलिस लूटे गए जेवरात की बरामदगी का प्रयास कर रही है। हालांकि पुलिस अफसर अभी इस बारे में कुछ भी बताने से इनकार करते रहे। एएसपी पूर्वी सुरेंद्र द्विवेदी ने बताया कि जांच की जा रही है। जल्द ही खुलासा होगा।