नगर कोतवाली पुलिस ने चिलबिला के रामपुर नहर के पास सराफा कारोबारी से लूट करने वाले तीन आरोपियों को भोरही का पुरवा से रविवार को गिरफ्तार किया है। अंतू थाना क्षेत्र के चौरा निवासी सराफ कारोबारी सीताराम सोनी बीते बुधवार को कोहड़ौर के बरा सराय से लौटते समय तमंचे के बल पर लूट किए जाने की प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
पुलिस ने बरा सराय निवासी राजेंद्र वर्मा, पूरे कोलाहल के सौरभ यादव, बोझा के चंदन सरोज को गिरफ्तार किया है। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि लूटे गए चांदी के आभूषणों को गलाकर आपस में बांट लिया गया था। नकदी का भी बंटवारा कर लिया था। एएसपी पूर्वी आलोक कुमार ने बताया कि आरोपियों की निशानदेही पर 125 ग्राम चांदी, चार बिछिया, एक सोने की कील के साथ 6200 नकदी व एक-एक तमंचा और कारतूस बरामद किया गया है। बिना नंबर प्लेट की बरामद बाइक को सीज कर दिया गया है।