विधानसभा चुनाव को देखते हुए जिला प्रशासन ने रोडवेज की 13 बसों का अभी से अधिग्रहण कर लिया है। जिसके चलते मौनी अमावस्या पर्व पर स्नान के लिए संगम जाने वाले श्रद्धालुओं की मुसीबत बढ़ गई है। रविवार को यात्री डिपो में बसों के इंतजार में भटकते नजर आए। बसों की कमी से मंगलवार को मौनी अमावस्या पर संगम स्नान के लिए जाने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटे जिला प्रशासन द्वारा अभी तक रोडवेज डिपो की 13 बसों को अधिग्रहीत किया गया है। इन बसों को अर्द्धसैनिक बलों के जवानों को लाने के लिए लगाया गया है। बसें कम होने से मौनी अमावस्या पर्व पर स्नान के लिए प्रयागराज जाने वाले श्रद्धालुओं को परेशान होना पड़ रहा है। रविवार सुबह से ही शहर में श्रद्धालुओं क
ी भीड़ दिखने लगी थी। रोडवेज बस अड्डे पर प्रयागराज जाने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ती देख एआरएम ने दूसरे रूट की बसों को प्रयागराज भेज दिया। हालांकि जिस रूट से बसें हटाई जा रही हैं, वहां के यात्रियों की मुसीबत बढ़ रही है। फिलहाल निगम के जिम्मेदार प्रयागराज जाने वाले यात्रियों को प्राथमिकता दे रहे हैं। एआरएम पीके कटिहार ने बताया कि स्नान के लिए संगम जाने वाले यात्रियों को दिक्कत न हो, इसके लिए बसें लगातार उपलब्ध कराई जा रही हैं।