नहीं होगी धक्का मुक्की, दो नए पर्चा काउंटर खुलेंगे
-मेडिकल कॉलेज के राजा प्रताप बहादुर चिकित्सालय में मरीजों को होगी राहत
संवाद न्यूज एजेंसी
प्रतापगढ़। डॉ. सोने लाल पटेल मेडिकल कॉलेज के राजा प्रताप बहादुर चिकित्सालय में मरीजों की भीड़ को देखते हुए पर्चा बनवाने के लिए दो नए काउंटर खोले जाएंगे। साथ ही कुछ चिकित्सकों की ओपीडी का स्थाल बदलेगा। उन्हें पुराने भवन में बैठाने की तैयारी की जा रही है। नई व्यवस्था से मरीजों को पर्चा बनवाने के लिए धक्का मुक्की नहीं करनी होगी। इलाज कराने में सहूलियत होगी।
राजा प्रताप बहादुर चिकित्सालय की ओपीडी में प्रतिदिन औसतन 12 सौ मरीज पहुंचते हैं। इन मरीजों को ओपीडी पर्चा बनवाने के लिए अभी सिर्फ दो काउंटर हैं। सुबह नौ से दोपहर एक बजे तक ओपीडी के लिए पर्चा बनवाने के दौरान मरीज आपस में धक्कामुक्की करते नजर आते हैं। इससे मरीज परेशान होते हैं।
इस समस्या को देखते हुए मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य ने दो अतिरिक्त पर्चा काउंटर खोलने का फैसला लिया है। प्राचार्य डॉ. सलिल श्रीवास्तव ने बताया कि दो अलग पर्चा काउंटर जल्द खुलेंगे। इससे पर्चा काउंटर पर मरीजों की भीड़ जमा नहीं होगी। मरीज समय रहते पर्चा लेकर डॉक्टर को दिखा सकेंगे। समय पर जांच कराने पर यदि रिपोर्ट मिल जाती है तो रिपोर्ट दिखाकर डॉक्टर से इलाज कराने में सुविधा होगी। मरीजों को बार-बार अस्पताल नहीं आना पड़ेगा।
भीड़ कम करने के लिए पुराने भवन में संचालित होगी ओपीडी
मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य ने बताया कि ओपीडी में मरीजों की भीड़ कम करने के लिए बर्न यूनिट सेंटर में भी ओपीडी का संचालन जल्द शुरू किया जाएगा। इससे मरीजों को काफी सहूलियत मिलेगी। उन्होंने बताया कि सितंबर से दो नए पर्चा काउंटर के साथ ही एक और स्थान पर ओपीडी का संचालन शुरू कर दिया जाएगा।