जिले में कोरोना का संक्रमण फैलने के बाद भी शनिवार को स्वतंत्रता दिवस मनाने को लेकर लोगों में भारी उत्साह है। शुक्रवार को शहर के चौराहों पर सजीं दुकानों पर तिरंगे झंडे, टोपी और गमछा की खूब बिक्री हुई। खादी भंडार की दुकानों पर भी तिरंगा झंडा खरीदने के लिए भीड़ लगी रही। शाम होते ही दुकानों से तिरंगा झंडा खत्म हो गया। इधर, कोरोना संक्रमण को देखते हुए जिले के सभी स्कूल-कालेजों में बच्चों के बिना समारोह का आयोजन किया जाएगा। शिक्षक ध्वजारोहण करेंगे।
जिले में 74वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाने के लिए शुक्रवार को शहर के लोग व्यापक तैयारियां करते नजर आए। स्कूल-कालेजों में बच्चों के कार्यक्रम पर रोक लगा दी गई है। जबकि शिक्षक स्कूलों में मौजूद रहकर ध्वजारोहण कार्यक्रम में शामिल होंगे और आजादी के दीवानों को याद करेंगे। शुक्रवार को स्कूल-कालेजों, सरकारी और गैर सरकारी कार्यालयों में तैयारियों को लोग अंतिम रूप देने में लगे रहे। आंबेडकर चौराहा, चौक, बाबागंज, सदरमोड, भंगवाचुंगी चौराहे पर स्थित दुकानें तिरंगे झंडे के साथ ही टोपी, गमछा और कागज के तिरंगा झंडों से सजी हुई थीं। बच्चों ने दुकानों से तिरंगा खरीदा। स्कूल संचालक और कार्यालयों के कर्मचारियों ने खादी भंडार से तिरंगा खरीदा। शाम तक खादी भंडार की दुकानों से तिरंगा खत्म हो गया।
सरकारी और अर्द्धसरकारी भवनों पर सुबह नौ बजे होगा झंडारोहण
जिले के सरकारी और गैर सरकारी भवनों पर तिरंगा झंडा सुबह नौ बजे फहराया जाएगा। गृह मंत्रालय की ओर से जारी पत्र में सरकारी कार्यालयों के लिए समय बदलकर नौ बजे कर दिया गया है। अभी तक सरकारी और गैर सरकारी कार्यालयों में सुबह आठ बजे झंडारोहण होता था।
ग्राम पंचायतों में झंडारोहण करने का निर्देश
जिले की सभी ग्राम पंचायतों में झंडारोहण करने का निर्देश डीपीआरओ ने दिया है। एडीओ पंचायतों को भेजे पत्र में सभी ग्राम प्रधानों को सुबह नौ बजे झंडारोहण करने को कहा गया है।
मदरसों पर सुबह दस बजे होगा झंडारोहण
अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी एसएन तिवारी ने बताया कि सभी मदरसों पर सुबह दस बजे झंडारोहण करने के लिए कहा गया है। उन्होंने बताया कि झंडारोहण कार्यक्रम की फोटो और वीडियो भी मांगी गई है।
वीएस मेमोरियल पब्लिक स्कूल की शिक्षिकाओं द्वारा स्वतंत्रता दिवस की तैयारी में बनायी गयी रंगोली?- फोटो : PRATAPGARH