कुंडा कस्बे के नूरमस्जिद गली स्थित तालाब पर हो रहा निर्माण की पैमाइस करने पहुंचे लेखपाल।
- फोटो : PRATAPGARH
नगर स्थित तालाब को भी बचाने के लिए जद्दोजहद करनी पड़ रही है। तीन दिन से शिकायत के बाद बुधवार को लेखपाल पैमाइश करने पहुंचे। मौके पर भारी भीड़ जुट गई। लेखपाल ने इसकी रिपोर्ट एसडीएम को देने की बात कही है।
नगर के नूरमस्जिद गली में एक बड़ा तालाब है। इस पर कई वर्षों से कब्जा होता जा रहा है। कब्जा करने को लेकर इसमें 36 लोगों पर एफआईआर हो चुकी है लेकिन प्रशासन उनसे इस तालाब पर से कब्जा नहीं हटवा पाया है। यही नहीं इस तालाब पर अभी भी लगातार कब्जा किया जा रहा है। हालत यह है कि 36 लोगों पर पुलिस ने एफआईआर की है।
दीवानी न्यायालय में भी मुकदमा चल रहा है, लेकिन तालाब पर लगातार निर्माण और कब्जा करने का क्रम जारी है। अब तक तालाब की आधी से अधिक जमीन लोगों ने कब्जा करके बेच भी दी है। अभी हाल ही में फिर से इस पर निर्माण किया जा रहा था। इस पर मोहल्ले के जुनैद पुत्र अब्दुल गफ्फार ने इसकी शिकायत पुलिस से की। काम नहीं बना तो फिर से इसकी शिकायत तहसील दिवस में की गई।
तहसील दिवस में शिकायत के बाद बुधवार को एसडीएम ने लेखपाल को पैमाइश करने के लिए भेजा। पैमाइश करने के दौरान लोगों की भारी भीड़ मौके पर इकट्ठे हो गए। लेखपाल ने रिपोर्ट एसडीएम को देने की बात कही है।