विकास भवन में विकास कार्यो की समीक्षा बैठक करते डीएम मार्कण्डेय शाही।
- फोटो : PRATAPGARH
जिले के 5जिले के आठ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में ताला लटकने पर डीएम मार्कण्डेय शाही ने सीएमओ को फटकार लगाई है। डीएम ने अविलंब डाक्टरों की तैनाती कर संचालित करने को कहा है। डीएम ने जिले में 56 स्थानों पर होने वाले आरोग्य मेला के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने के लिए बीडीओ और सीडीपीओ को जिम्मेदारी सौंपी है।
बुधवार को विकास भवन में डीएम की अध्यक्षता में हुई बैठक में सीएमओ डॉ. अरविंद कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि जिले में कुल 27 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्थापित हैं। इनमें से 19 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मरीजों का इलाज हो रहा है, जबकि आठ अस्पताल अभी प्रारंभ नहीं हुए हैं। इन अस्पतालों का निर्माण हाल में ही हुआ है। डीएम ने नाराजगी जताते हुए अविलंब डाक्टरों की तैनाती कर संचालित करने को कहा है।
डीएम ने कहा कि जिले में 56 स्थानों पर आरोग्य मेले का आयोजन किया जाना है। जिसका व्यापक प्रचार-प्रसार करने के लिए बीडीओ, सीडीपीओ और खंड शिक्षा अधिकारी को जिम्मेदारी सौंपी गई है। बीएसए से स्कूलों का निरीक्षण कर गायब रहने वाले शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा है।
बैठक में लोक निर्माण विभाग द्वारा सडक़ों की मरम्मत, नव निर्माण कार्यों, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, जल निगम, खाद्य सुरक्षा योजना की समीक्षा हुई। बैठक में सीडीओ डा. अमितपाल शर्मा, डीडीओ सुदामा प्रसाद, डीपीआरओ लालचंद्र गुप्ता प्रमुख रूप से मौजूद रहे।