प्रतापगढ़। जनपद के सरकारी अस्पतालों में प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र खोले जाने थे, मगर जिला व महिला अस्पताल के साथ सिर्फ तीन सीएचसी में ही इनकी शुरुआत हो सकी। अन्य अस्पतालों में अभी तक केंद्र नहीं खोले जा सके हैं। ऐसे में मरीजों को परेशान होना पड़ रहा है। उन्हें मेडिकल स्टोर से महंगी दवा खरीदनी पड़ रही है। इस ओर जिम्मेदार ध्यान नहीं दे रहे हैं।
जनपद में 29 सीएचसी और 56 पीएचसी का संचालन हो रहा है। इनमें पीएचसी को छोड़ दिया जाए तो सीएचसी का संचालन 24 घंटे तक होता है। मरीजों का आवागमन बना रहता है। सरकारी अस्पताल में न मिलने वाली जरूरी दवाओं को चिकित्सक मरीजों के साथ आने वाले तीमारदारों से मेडिकल स्टोरों से खरीदवाते हैं। इसको देखते हुए सरकार ने जिला व महिला अस्पताल के साथ ही सीएचसी और पीएचसी में प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र की स्थापना करने के लिए आदेश दिया था।
मगर अब तक जिला और महिला अस्पताल के साथ सांगीपुर, लालगंज और रानीगंज सीएचसी में ही प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र की स्थापना हो सकी। बाकी सीएचसी और पीएचसी में प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र नहीं खोला जा सका। इसके चलते मरीजों को बाहर की दवा खरीदनी पड़ रही है। इससे मरीज परेशान हो रहे हैं।