नगर कोतवाली के सदर मोड़ के करीब प्रापर्टी डीलर के बंद मकान का ताला तोड़कर चोर 28 लाख के जेवरात व रुपये चुरा ले गए। चोरों की करतूत सीसीटीवी में कैद हो गई। पुलिस के साथ मौके पर पहुंची फील्ड यूनिट की टीम सुराग एकत्र करती रही।
शहर के सदर मोड़ निवासी विकास सिंह लखनऊ में प्रापर्टी डीलर का काम करते हैं। उनके पिता कुंवर बहादुर सिंह का पेट्रोल पंप व ईंट भट्ठा है। दो दिन पहले पिता की तबीयत खराब होने पर विकास परिवार के लोगों के साथ लखनऊ मेदांता चले गए। घर में ताला बंद होने के कारण शनिवार की रात तीन चोर चहारदीवारी फांदकर भीतर घुसे और कमरों का ताला तोड़कर आलमारी व बक्शे में रखा करीब 25 लाख रुपये के जेवरात और तीन लाख रुपये नकद समेटकर भाग निकले। रविवार की सुबह पड़ोसी घर के दरवाजे का ताला टूटा देखा तो विकास को जानकारी दी। लखनऊ से वापस लौटे विकास ने घर के कमरों को देखा तो उनके पैरो तले जमीन खिसक गई। आलमारी समेत बक्शों में रखा जेवरात व रुपये गायब थे। घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस पहुंचकर छानबीन करने लगी। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी है। कुछ दिन पहले ही दहिलामऊ के रहने वाले अरुण सिंह के घर से चोरों ने लाखों रुपये के जेवरात व रुपये उड़ा दिए थे। अभी तक पुलिस चोरी का खुलासा नहीं कर सकी। नगर कोतवाल आनंद पाल सिंह ने बताया कि चोरों की तलाश की जा रही है।