प्रदेेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा है कि अयोध्या में रामलला की जमीन पर ही मंदिर बनेगा। वहां बाबर के नाम पर एक भी ईंट नहीं रखने दी जाएगी। कांग्रेस अपने वकीलों को लगाकर मंदिर निर्माण में रोड़े अटका रही है। उसे डर है कि राम मंदिर पर फैसला आने से 2019 में भाजपा को फायदा हो सकता है। लेकिन रामलला हमारे लिए चुनावी मुद्दा नहीं, हम तो उनके चरणों में शीश झुकाए रखते हैं।
बुधवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा चिलबिला स्थित श्रीराम वाटिका में आयोजित युवा संसद में शामिल होने पहुंचे उप मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को विकास पुरुष बताने के साथ ही कांग्रेस, सपा और बसपा पर जमकर निशाना साधा। कहा कि पीएम एक टैक्स और एक ही बार चुनाव चाहते हैं, लेकिन विरोधियों को यह पसंद नहीं। आजकल कहा जा रहा है कि मोदी सरकार में देश में बेरोजगारी बढ़ी है। यह सही है, बेरोजगारी बढ़ी है, लेकिन नेताओं की। कई नेता बेरोजगार हो गए हैं। इस दौरान उनके साथ सांसद हरिबंश सिंह, विधायक धीरज ओझा, भाजपा जिलाध्यक्ष हरिओम मिश्रा आदि मौजूद रहे।
युवा देंगे वोट तो मोदी फिर बनेंगे पीएम
डिप्टी सीएम ने युवाओं से कहा कि प्रदेश में डेढ़ लाख से भी अधिक लोग पहली बार लोकसभा चुनाव में वोट डालेंगे। उनका पहला वोट मोदी को ही मिलना चाहिए। युवाओं को यह सोचना होगा कि मोदी ने शपथ लेने के बाद देश की सवा सौ करोड़ जनता को अपना परिवार मानते हुए दिन-रात काम किया। एक दिन की भी छुट्टी नहीं ली। देश में 65 प्रतिशत युवा हैं और वह चाहते हैं कि मोदी फिर प्रधानमंत्री बनें।
जमीन खिसकने के डर से घबराईं ममता
डिप्टी सीएम ने पश्चिम बंगाल में सीअीआई के अफसरों को स्थानीय पुलिस द्वारा हिरासत में लेने की घटना को दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया। उन्होंने कहा कि कि यह अब तक के इतिहास की सबसे निंदनीय घटना है। ममता मोदी की लोकप्रियता और भाजपा के बढ़ते जनाधार से घबरा गई हैं। यही कारण है कि वह बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह और सीएम योगी की जनसभा रोकने के लिए सारे हथकंडे अपना रही हैं। उनके हेलीकाप्टर उतरने तक की अनुमति नहीं दी जा रही है। इसके बाद भी योगी जनसभा करने के लिए बंगाल पहुंच गए।