बिजली चोरी अभियान के दूसरे दिन मंगलवार को चेकिंग पर निकली टीम को एटीएल कॉलोनी के लोगों ने खदेड़ लिया। इसको लेकर कॉलोनी वासियों की कर्मियों से झड़प भी हुई। सूचना मिलने पर मयफोर्स के साथ एटीएल पहुंचे एडीएम पुनीत शुक्ला ने अवैध कनेक्शन कटवाए।
हुआ यूं कि जब टीम एटीएल कॉलोनी में घुसी तो उसने ट्रांसफार्मर से जुड़ी केबिल को काट दिया। इसके बाद शुरू हुई चेकिंग की कार्रवाई के दौरान अवैध कनेक्शन कटने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इसमें एटीएल स्कूल का भी कनेक्शन था, जो काट दिया गया। इसके बाद कर्मचारी ट्रांसफार्मर उठाने की बात करने लगे। इससे कॉलोनीवासी नाराज हो गए। उन्होंने इसका विरोध करना शुरू कर दिया। धीरे-धीरे काफी लोग वहां पर एकत्र हो गए। उनकी कर्मचारियों से झड़प भी हुई।
कर्मचारी आगे बढ़ने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे थे। इसकी बीच बिजली विभाग की टीम ने इसकी सूचना एडीएम को दी। मौके पर पहुंचे एडीएम ने ट्रांसफार्मर रोक दिया। चेतावनी दी कि जिन लोगों के कनेक्शन काटे गए हैं। अगर वे दोबारा कनेक्शन लेना चाहते हैं तो पुराना विद्युत बिल जमा करने के बाद ही कनेक्शन ले सकते हैं। उन्होंने इसके लिए एक सप्ताह का समय दिया है। एसडीओ सदर मदन सिंह ने बताया कि स्कूल का कनेक्शन वैध है। ट्रांसफार्मर नहीं हटाया गया है। अवैध कनेक्शनों को काट दिया गया है।
अभियान के दूसरे दिन मंगलवार को 72 बकाएदारों के कनेक्शन काटे गए। चोरी से बिजली जला रहे आठ पर एफआईआर कराई गई। शहर व गांव मिलाकर कुल 13 लाख 27 हजार की वसूली हुई। 277 उपभोक्ताओं की चेकिंग कराई गई। इसमें 66 नए कनेक्शन दिए गए। 16 का लोड बढ़ाया गया। एक्सईएन द्वितीय ओपी मिश्रा ने बताया कि अभियान जारी रहेगा। चेकिंग के दौरान एसडीओ वीके चौधरी, घनश्याम, नवरत्न, पवन, जेई एसबी प्रसाद, प्रमोद, आशुतोष पांडेय, रामलखन आदि मौजूद थे।