कोतवाली देहात के बढ़नी में चचेरे भाइयों की कुएं में डूबने से मौत के बाद इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है। गम के चलते दूसरे दिन भी घरों के चूल्हे नहीं जले। रिश्तेदार और ग्रामीणों के पहुंचने पर परिजनों की आंखों से आंसू बहता रहा।
बढ़नी के पूर्व प्रधान सुभाष वर्मा का बेटा राहुल (22) और इकलौता भतीजा सूरज (22) की रविवार की सुबह कुएं में डूबने से मौत हो गई थी। जबकि बचाने कूदे ताऊ बेंचू भी डूबने लगे थे। उन्हें गांव के श्याम बहादुर उर्फ अंगनू ने बचा लिया। रविवार को ही दोनों चचेरे भाइयों के शवों का प्रयागराज में अंतिम संस्कार कर दिया गया। सोमवार को इलाके में सन्नाटा पसरा रहा। परिवार वालों के अनुसार मुंबई में राहुल के अलावा परिवार के अन्य सदस्य भी चिकन पॉक्स से पीड़ित थे। राहुल की तबीयत अधिक खराब देख परिजन उसे लेकर शनिवार को घर चले आए थे। राहुल की बुआ सीता व चचेरे भाई सूरज रातभर देखभाल करते रहे। बुआ सीमा को यह मलाल था कि वह भतीजे राहुल को बचा नहीं सकी। भतीजे को बचाने में नाकाम सीता रोते हुए बेसुध हो जाती रही। प्रधान ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह समेत आसपास के गांव के लोग परिजनों को सांत्वना देने पहुंचे।