कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर में चार माह से बंद जिम व स्टेडियम सोमवार को खुल गए। अभ्यास करने वाले खिलाड़ियों और कसरत करने वालों की उपस्थिति से वहां रौनक दिखी। हालांकि युवाओं ने स्टेडियम में बिना कोच के ही पसीना बहाया। वहां पसरा सन्नाटा खिलाड़ियों की खिलखिलाहट व शोरशराबे के बीच टूटता रहा। पहला दिन होने के कारण खिलाड़ियों की संख्या कम दिखी।
कोरोना संक्रमण के दूसरी लहर में लगातार हो रहीं मौतें और संक्रमितों की बढ़ती संख्या को देखते हुए शासन के निर्देश पर जिम, स्टेडियम 15 मार्च के बाद बंद कर दिए गए। लॉकडाउन के चलते बाजार भी पूरी तरह से बंद हुए। संक्रमण के ग्राफ में कमी आने के बाद शासन ने बाजार खोल दिया। धीरे-धीरे अन्य जन उपयोगी संस्थान खोले जाते रहे। शासन के निर्देश पर सोमवार को जिम व स्टेडियम खोला गया।
जिम संचालक सैनिटाइजेशन और कोरोना गाइडलाइन से जुड़े प्रबंध करते रहे। स्टेडियम को भी खिलाड़ियों को लिए खोला गया। सुबह से ही अभ्यास करने वाले युवाओं की भीड़ स्टेडियम और जिम सेंटरों में नजर आई। काफी दिनों बाद स्टेडियम में पसरा सन्नाटा टूटता नजर आया। खिलाड़ियों की खिलखिलाहट व शोरशराबे के चलते परिसर में चहल-पहल देखने को मिली। बड़े दिन बाद मिले साथियों के साथ लोगों का हंसी मजाक भी हुआ।