दुकान बंदकर घर जा रहे कारोबारी को तमंचा सटाकर 12 से 15 लाख मूल्य के गहनों से भरा बैग लूटकर बदमाश फरार हो गए। इस दाैरान फायरिंग भी की। आभूषण कारोबारी से लूट की जानकारी होते ही खलबली मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल में जुटी रही। घटना की जानकारी होने पर एएसपी पश्चिमी मौके पर पहुंचे।
बिहार प्रांत निवासी रमेश संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के अवसानगंज बाजार में मकान बनाकर डेढ़ दशक से रहते हैं। उन्होंने घर से सौ मीटर दूर बाजार में ही आभूषण की दुकान खोल रखी है। सोमवार की रात नौ बजे वह अपनी दुकान बंद करने के बाद बैग में आभूषण रखकर पैदल ही घर जाने के लिए निकले। अभी वह दुकान से थोड़ी दूर ही पहुंचे थे, तभी पीछे से अपाची सवार बदमाशों ने तमंचा सटाकर बैग छीन लिया।
विरोध करने पर उनकी पिटाई करते हुए बदमाश अपाची लेकर भाग निकले। बदमाशों के जाने के बाद पीड़ित ने शोर मचाया तो मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने बदमाशों की धरपकड़ के लिए नाकेबंदी की, लेकिन बदमाश पकड़ में नहीं आ सके। आभूषण कारोबारी से लूट की जानकारी होने पर अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी संजय राय समेत पुलिस के आलाधिकारी मौके पर पहुंचकर घटना की छानबीन में जुटे रहे। एएसपी पश्चिमी संजय राय ने जल्द मामले का खुलासा करने की बात कही।