कोहडौर में होली पर निकले जुलूस में एसओ द्वारा बच्चों की पिटाई के विरोध में जुटी भीड़।
- फोटो : PRATAPGARH
कोहडौर बाजार में मंगलवार को होली पर डांस कर रहे बच्चों को एसओ ने डंडे से पीटा तो हंगामा मच गया। एसओ की पिटाई में तीन बच्चे घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही लोग भड़क गए और एसओ की जीप को घेरकर हंगामा शुरू कर दिया। बवाल बढ़ता देख एसओ ने माफी मांगी लेकिन लोग शांत नहीं हुए। खबर की जानकारी मिलते ही सीओ सिटी भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने लोगों को किसी तरह समझाकर मामला सुलझाया।
क्या था मामला
मंगलवार की सुबह करीब दस बजे कुछ बच्चे कोहडौर बाजार में होली का जश्न मना रहे थे। ये सभी सड़क के किनारे डीजे पर डांस कर रहे थे। इस दौरान कोहडौर एसओ प्रवीण कुशवाहा तीन सिपाहियों के साथ पहुंचे और डांस कर रहे बच्चों को पीटना शुरू कर दिया।
पुलिस की पिटाई से तीन बच्चे घायल हो गए। इसके बाद एसओ अपनी जीप लेकर वहां से निकल गए। घटना के बाद मौके पर बाजार के लोग जुट गए और नाराजगी जताने लगे। थोड़ी देर बाद एसओ बाजार की तरफ लौटे तो लोगों ने उनकी गाड़ी रोक ली और बच्चों की पिटाई का कारण पूछने लगे।
पहले तो एसओ बच्चों को पीटने की घटना से इनकार करते रहे, लेकिन जब लोगों ने वीडियो दिखाने की बात कही तो उन्होंने तुरंत माफी मांग ली। इसके बाद भी लोगों का गुस्सा शांत नहीं हुआ। खबर पाकर सीओ सिटी अभय पांडेय मौके पर पहुंचे और लोगों को किसी तरह समझाकर शांत कराया। उन्होंने पुलिस की गाड़ी से घायल बच्चों को अस्पताल भेजा, तब जाकर लोग सड़क से हटे।