कस्बे की क्रॉसिंग पर लापरवाह टेंपो चालक ने रेलवे फाटक के गेट को तोड़ दिया। जिसके कारण काशी विश्वनाथ ट्रेन दस मिनट विलंब से पहुंची। वहीं, गेट टूटने से क्रॉसिंग के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। रक्षाबंधन त्योहार के कारण जाम की समस्या से लोग काफी परेशान हुए। आरोपी टेंपो चालक को हिरासत में लिया गया है। स्टेशन मास्टर ने चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के लिए मेमो भेजा है।
रानीगंज -पट्टी मार्ग पर मां बाराही देवी धाम रेलवे क्रॉसिंग पर शनिवार को बनारस से दिल्ली जाने वाली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस ट्रेन के लिए रेल फाटक बंद था। इसी बीच रानीगंज से पट्टी जाने वाले टेंपो चालक ने जबरन रेल फाटक में टक्कर मार दी, जिससे स्वचालित रेल फाटक टूट गया। इस दौरान दोनों तरफ गाड़ियों की लंबी कतार चौराहे तक लग गई।
लखनऊ -वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लग गया। इससे काशी विश्वनाथ भी दस मिनट तक लेट हो गई, वहीं रेल कर्मचारियों ने टेंपो चालक को भागने नहीं दिया। स्टेशन मास्टर मनीष कुमार ने आरपीएफ थाने में इस घटना को लेकर मेमो भेजा है। जिसमे टेंपो चालक के खिलाफ रेलवे की क्षति करने पर कार्रवाई की जाएगी।