फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जेल से छूटते ही संदिग्ध बदमाश को पुलिस ने उठाया, लूटे गए सोने की बरामदगी में जुटी

विज्ञापन
विज्ञापन
श्याम बिहारी गली सराफा मार्केट से 90 लाख की डकैती के मामले में संदिग्ध बदमाश के जेल से बाहर आते ही पुलिस ने उसे उठा लिया। उसे एकांत स्थान पर रखकर लूटे गए सोने के बारे में पूछताछ की जा रही है। डकैती की घटना में जेठवारा, लालगंज, कंधई के बदमाशों के शामिल होने की चर्चा है।
विज्ञापन

नगर कोतवाली की श्याम बिहारी गली सराफा मार्केट में सात जनवरी को बदमाशों ने सराफ सुरेश सोनी को असलहा सटाकर डाका डाला था। बदमाश करीब 90 लाख के जेवरात, मोबाइल व दस हजार रुपये लूटकर भाग निकले थे। बदमाशों की धरपकड़ के लिए कई दिनों से प्रयागराज एसटीएफ, स्वॉट टीम के अलावा कोतवाली पुलिस लगी हुई थी।
पुराने पुलिसकर्मियों को भी खुलासा करने के लिए लगाया गया था। कई दिनों तक हवा में तीर चला रही पुलिस को मोबाइल नंबरों को खंगालने के बाद कामयाबी मिल सकी। पुलिस ने मानधाता व जेठवारा इलाके से संदिग्ध बदमाशों के करीबियों को उठा लिया। मानधाता इलाके के रहने वाले एक बदमाश को पुलिस घटना में संदिग्ध मान रही थी। पुलिस ने एक संदिग्ध बदमाश को शुक्रवार को ही उठा लिया था। जिससे पूछताछ में घटना में शामिल बदमाशों का पता चल चुका है।
विज्ञापन

उनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश देती रही, लेकिन वे घरों से फरार मिले। पुलिस सूत्रों के अनुुसार डकैती की घटना के कुछ दिनों बाद ही संदिग्ध आरोपी ने प्रयागराज के किसी मामले में सरेंडर कर दिया। जमानत प्रार्थना पत्र पेश न करने के कारण वह जेल चला गया था। शुक्रवार को ही उसकी जमानत हो गई, लेकिन देर से रिहाई आदेश पहुंचने के कारण वह जेल से बाहर नहीं आ सका। शनिवार को जेल से छूटते ही स्वॉट टीम व एसटीएफ ने उसे उठा लिया और पूछताछ के लिए एकांत स्थान पर ले गए।
पूछताछ के बाद पुलिस लूटे गए सोने की बरामदगी को लेकर प्रयास करती रही। हालांकि इस दौरान सुरेश से लूटा गया कुछ सामान बरामद होने की भी चर्चा है। फिलहाल पुलिस अफसरों का कहना है कि अभी घटना में शामिल बदमाशों की धरपकड़ का प्रयास चल रहा है। उम्मीद है बदमाशों के मिलने के बाद एक दो दिन में खुलासा हो जाएगा।
डकैती में शामिल विभीषण ने सुल्तानपुर में ले रखी है पनाह
श्यामबिहारी गली स्थित सराफा मार्केट में सुरेश सोनी की दुकान में डाका डालकर बदमाश 90 लाख रुपये लूट ले गए थे। बदमाशों तक पहुंच चुकी पुलिस को यह पता चल चुका है किसने मुखबिरी की थी। सराफ के साथ होने वाली घटना में विभीषण का किरदार किसने अदा किया था। सूत्रों के अनुसार सराफा मार्केट में हुई डकैती का विभीषण कंधई इलाके का रहने वाला है और उसने सुलतानपुर में पनाह ले रखी है।
दिनभर होती रही पूछताछ
शहर की श्याम बिहारी गली सराफा मार्केट में डाका डालने की घटना में शामिल संदिग्ध बदमाश से शनिवार को दिनभर पुलिस पूछताछ करती रही। उससे मिली जानकारी के बाद पुलिस दूसरे बदमाशों की धरपकड़ के लिए प्रयास करती रही। फरार बदमाशों के कई रिश्तेदारों को पुलिस उठाकर पूछताछ कर रही है।
पुलिस के हाथ से फिसले गल्ला कारोबारी के लुटेरे
कंधई थाना क्षेत्र के मंगरौरा में गल्ला कारोबारी से दिनदहाड़े 16 लाख रुपये लूटने वाले बदमाशों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। लुटेरों की तलाश में पुलिस की तीन टीमों ने सुलतानपुर व अमेठी में दबिश दी, लेकिन बदमाश वहां से तीन घंटे पहले ही निकल चुके थे। कुछ लोगों को पुलिस उठाकर फरार बदमाशों की तलाश कर रही है।
नगर कोतवाली के शिवजीपुरम निवासी गल्ला कारोबारी अमरजीत चौरसिया 13 जनवरी की सुबह अपनी कार से मंगरौरा बाजार स्थित कार्यालय पहुंचे। जहां बाइक सवार दो बदमाशों ने असलहे के बल पर अमरजीत के चालक सूबेदार से 16 लाख रुपयों से भरा बैग लूट लिया। घटना के बाद जिले में हड़कंप मच गया। मौके पर आईजी प्रयागराज भी पहुंचे।
घटना के बाद बदमाशों की खोजबीन करने वाली पुलिस के हाथ गलत सीसीटीवी फुटेज लग गया। जिससे दो दिनों तक पुलिस चकरघिन्नी बनी रही। बाद में बदमाशों की सही फुटेज पुलिस के हाथ लगी। जिसके बाद पुलिस ने शुक्रवार की रात अमेठी व सुलतानपुर में दबिश दी। हालांकि पुलिस के पहुंचने से तीन घंटे पहले संदिग्ध बदमाश अपना ठिकाना बदल चुके थे। निराश पुलिसकर्मी कुछ लोगों को उठा लाए। शनिवार को प्रयागराज एसओजी व कंधई पुलिस बदमाशों की धरपकड़ के लिए प्रयास करती रही।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें