मेडिकल कॉलेज से रेफर मरीज को दो घंटे तक एंबुलेंस नहीं मिली, इससे उसकी मौत हो गई। वहीं घटना की जानकारी से अधिकारी इन्कार कर रहे हैं।
अमेठी के रामगंज अग्रेसर निवासी 24 वर्षीय सुशील शर्मा कंधई के दिलीपपुर गांव आए थे। मंगलवार देर शाम बाइक से रानीगंज के जामताली जाते समय गोपालपुर गांव के पास टेंपो की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने घायल को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने उसे प्रयागराज रेफर कर दिया।
सुशील के पिता सुरेंद्र का आरोप है कि वे दो घंटे तक 108 एंबुलेंस को फोन मिलाते रहे। एंबुलेंस कुंडा में है फिर लालगंज में इस तरह की जानकारी कर्मचारी देते रहे। अंत में उनके बेटे की जान चली गई। सही समय पर इलाज नहीं हो सका। परिजनों ने हंगामा किया। फिर शव लेकर घर चले गए।
इस मामले में एंबुलेंस के प्रोग्राम मैनेजर विवेक मिश्र से बात की गई तो उन्होंने कहा कि घटना की जानकारी नहीं है। पता कर बताता हूं। 108 एंबुलेंस मीडिया प्रभारी सुनील यादव ने बताया कि इस मामले में जांच कराई जाएगी। जिसकी गलती सामने आएगी, उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।