न्यायपालिका लोकतंत्र का मजबूत स्तंभ है, मगर निचली अदाचलत से लेकर सर्वोच्च न्यायालय तक सभी वर्गों की भागीदारी नहीं है। इससे न्यायपालिका में लोकतंत्र की झलक नहीं दिखती है। इसमें शोषित और पिछड़े वर्ग की भी बराबर की भागीदारी होनी चाहिए। यही सही मायने में सामाजिक न्याय है। शनिवार को यह बातें शहर के भंगवाचुंगी स्थित संस्कार गार्डेन में अपना दल एस द्वारा आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहीं।
उन्होंने कहा कि हमारी न्यायपालिका में जजों की संख्या में भारी कमी है। उसका खामियाजा आम जनमानस को उठाना पड़ता है। उन्हें चक्कर लगाना पड़ता है। तारीख पर तारीख मिलती है।
मुकदमे लंबे समय तक निस्तारित नहीं हो पाते। उन्होंने कहा कि सड़क से लेकर संसद तक उनकी पार्टी मांग कर रही है कि भारतीय न्यायिक सेवा का गठन होना चाहिए। जिससे देश के कोने-कोने से प्रतिभावान छात्र-छात्राएं जज बनें। पिछड़ा वर्ग के न्याय व अधिकार की देखरेख भारत सरकार का सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय करता है।
मंत्रालय पर भार अधिक है। बजट भी कम आता है। पार्टी की मांग है कि पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्रालय गठित किया जाए। उन्होंने कहा कि राज्यों की प्रतियोगी परीक्षाओं के साथ यूपीएससी की परीक्षा में भी विसंगतियां सामने आई हैं। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जन जाति व पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों को सामान्य जातियों से ज्यादा कटआफ अंक लाने पड़ रहे हैं।
यह अन्याय है। यह विसंगति समय के साथ विकसित हुई है। उन्होंने कहा कि अपना दल को प्रतापगढ़ जिले से बहुत मजबूती मिली है। यही से सामंतवादी ताकतों के खिलाफ पार्टी के संस्थापक सोनेलाल पटेल ने बिगुल बजाया था। कार्यकर्ताओं का उत्सावर्धन करते हुए अनुप्रिया पटेल ने कहा कि एकजुटता के बल आपने पर दो विधायक व सासंद दिया है।
एकजुटता के बल पर पंचायत चुनाव में भी पार्टी जीत का परचम लहराएगी। हर सीट पर अद एस का सिपाही होगा। विधायक राजकुमार पाल ने अतिथियों का स्वागत किया। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष बृजेश पटेल व संचालन जिला प्रभारी शिवमूर्ति पटेल ने किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय महासचिव अजय प्रताप सिंह, प्रदेश अध्यक्ष जमुना प्रसाद सरोज, जवाहरलाल पटेल, राजेश पटेल, परमानंद मिश्रा आदि मौजूद रहे।
सदर विधायक का नाम लेना भूल गईं अनुप्रिया
राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल मंच पर बैठे सभी पदाधिकारियों के नाम बारी-बारी से पुकार रही थीं। इस दौरान वह सदर विधायक का नाम लेना भूल गईं। हालांकि बाद में उन्हें याद आया तो सदर विधायक राजकुमार के नाम का भी जिक्र किया।
भावी प्रत्याशी का बोर्ड लगाने वाले होंगे बाहर
राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल ने जिला पंचायत चुनाव के लिए भावी प्रत्याशी का बोर्ड लगाने वालों को हिदायत दी। कहा कि फौरन उसे हटा दें। आवेदक या समर्पित कार्यकर्ता के नाम का जिक्र कर सकते हैं। ऐसा न करने वालों को पार्टी से बाहर कर दिया जाएगा।
चांदी का मुकुट व तलावार भेंटकर किया सम्मानित
राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल का कार्यकर्ताओं ने न सिर्फ फूल-मालाओं से स्वागत किया, बल्कि पदाधिकारियों ने चांदी का मुकुट पहनाकर तलवार भी भेंट की। इस दौरान अनुप्रिया पटेल जिंदाबाद के नारे लगते रहे।
भूल से लिया पल्लवी का नाम, अवाक रह गए पदाधिकारी
अनुप्रिया पटेल के आने से पहले मंच पर एक पदाधिकारी ने संबोधन के दौरान अनुप्रिया की जगह पल्लवी पटेल का नाम ले लिया। पदाधिकारियों ने इसका विरोध किया। हालांकि आनन-फानन में वह अपना संबोधन समाप्त कर मंच से नीचे आ गए।
अनुप्रिया ने की सीएम योगी आदित्यनाथ की तारीफ
राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल ने सीएम योगी आदित्यनाथ के कार्यों की तारीफ की। उन्होंने कहा कि उनके नेतृत्व में प्रदेश का सर्वांगीण विकास हो रहा है। चार साल में प्रदेश में कई महात्वाकांक्षी कार्य पूरे हुए हैं। गठबंधन के सवाल पर उन्होंने कहा कि अभी हम भाजपा के साथ गठबंधन में हैं। 2022 के चुनाव में अभी समय है। हम मजबूती से चुनाव लड़ेंगे। विश्वनाथगंज विधायक के कार्यक्रम में न आने के सवाल पर उन्होंने कहा कि पार्टी का कोई भी कार्यकर्ता विधायक बन सकता है।