टाइनी शाखा संचालक से 2.40 लाख रुपये लूटने वाले तीन बदमाशों को पुलिस ने जेल भेज दिया। उनके पास से लूटे गए 95 हजार रुपये व घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद हुई। गैंग का सरगना फरार बताया जा रहा है। जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह ने बताया कि 13 फरवरी को टाइनी शाखा संचालक के पार्टनर प्रवीण व असफाक से 2.40 लाख रुपये लूटा था। लूट करने वाले तीन बदमाशों को स्वाट टीम और कंधई पुलिस ने ताला मोड़ के पास पुराने आम के बाग में रविवार को दबोच लिया। उनके पास से लूटे गए 95 हजार रुपये, घटना में प्रयुक्त बाइक और तमंचा कारतूस बरामद हुआ।
पकड़े गए विनोद यादव पुत्र रामचंदर यादव निवासी मधुपुर ने बताया कि उसके साथी अजय यादव पुत्र रामकरन यादव निवासी मधुपुर का टाइनी शाखा में खाता है। वह अक्सर रुपये लेनदेन करने के लिए शाखा पर जाता था। संचालक रमेश कुमार वर्मा को बड़ी रकम लेकर आते जाते अजय ने देखा था। अजय ने ही गैंग लीडर सलमान निवासी अज्ञात को रमेश द्वारा रुपये बैंक से लाने की जानकारी दी।
जिसके बाद वह, सलमान गैंग लीडर व सलमान पुत्र जावेद निवासी चकमझानीपुर कंधई के साथ लूट करने के लिए चिलबिला आ गए। यहां रमेश के साथी प्रवीण पर नजर रखे हुए थे। मौका पाकर प्रेम नगर मंदाह के पास प्रवीण को बदमाशों ने रोक लिया। गैंग लीडर सलमान ने पिस्टल दिखाकर प्रवीण को रोक लिया और विनोद ने रुपये से भरा बैग छीन लिया। बरामद रुपये के अलावा शेष पैसा गैंग लीडर सलमान के पास है। जिसकी तलाश में पुलिस टीम लगी हुई है। पुलिस ने तीनों को जेल भेज दिया।
विनोद लगाता था मधुपुर में सब्जी की दुकान
टाइनी शाखा संचालक के पार्टनर प्रवीण वर्मा से लूट करने के मामले में पकड़ा गया विनोद यादव मधुपुर बाजार में ही सब्जी की दुकान लगाता था। पिता व बड़े भाई छोटे यादव भी दुकान पर बैठते थे। विनोद के चचेरे भाई अजय ने मुखबिरी की थी। अजय को मुखबिरी करने के लिए पांच हजार रुपये मिले थे। जबकि विनोद के पास से 40 हजार और सलमान के पास से 50 हजार रुपये बरामद हुए।
युवकों को जाल में फंसाकर सलमान कराता है लूटपाट
नए युवकों को सब्जबाग दिखाकर शातिर बदमाश सलमान लूटपाट कराता है। पुलिस के अनुसार फरार सलमान ही टाइनी शाखा संचालक को लूटने के लिए योजना बनाया है। उसके ऊपर दूसरे जनपदों में मुकदमा दर्ज है। उसकी आम शोहरत भी ठीक नहीं है। नए युवकों को जल्द अमीर बनाने का सब्जबाग दिखाकर उनसे अपराध कराता है।