कुछ माह में लाखों रुपये के फायदे का सब्जबाग दिखाकर दो कंपनियां लोगों का करोड़ों रुपया लेकर फरार हो गईं। कंपनी में रुपये का निवेश कराने वाले कर्मचारी भी भाग निकले। परेशान ग्राहक निवेश कराने वाले एजेंटों की तलाश करने में नाकाम रहे। जिसके बाद कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराने का सिलसिला प्रारंभ हो गया है। शहर में फर्जीवाड़े का यह धंधा आठ साल से चल रहा था, लेकिन अधिकारियों की इस पर निगाह नहीं पड़ी। वहीं पुलिस भी मामले को टरकाती रही, जिससे पीड़ित लोगों को कोर्ट की शरण लेनी पड़ी।
जिले में जमीन और प्लाट दिलाने के नाम पर नगर कोतवाली के स्टेशन रोड स्थित सूर्या कांप्लेक्स में दो संयुक्त कंपनियां खुलीं। कांपलेक्स में 25 मार्च 2012 को एनएच हाउसिंग एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट इंडिया लिमिटेड और आजाद किसान प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड का कार्यालय धूमधाम से खोला गया। कंपनी ने जिले के लोगों को ही अपना एजेंट बनाया। जिनका काम था कि वह कंपनी का प्रचार प्रसार करने के साथ ही लोगों को उसके व्यवसाय के बारे में जानकारी दें।
कंपनी की एजेंट गुड्डा देवी व आशा देवी के अनुसार वह लोगों से रुपये जमा कराकर जमीन का प्लाट देने का वादा कर रही थीं। प्लाट न लेने पर जमा धनराशि दोगुना लौटाने का लालच भी दिया था। आरोप है कि दोनों कंपनियां बिना बताए कार्यालय बंद कर भाग गईं। जिससे अभिकर्ताओं से रुपये जमा करने वाले लोग लौटाने के लिए कहने लगे।
जिससे वह परेशान हो उठीं। दूसरे एजेंट भी कंपनी के जिम्मेदारों की खोजबीन करते रहे, लेकिन कुछ पता नहीं लगा। कोतवाली पुलिस ने फरियाद नहीं सुनी। जिसके बाद पीड़ितों ने कोर्ट की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर नगर कोतवाली में अभी तक दोनों कंपनियों के खिलाफ दो मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। जिसमे 12 नामजद व 25 अज्ञात को आरोपी बनाया गया है। नगर कोतवाल ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। प्रकरण की छानबीन की जा रही है।
इन लोगों के खिलाफ दर्ज हुआ है धोखाधड़ी का मुकदमा
0 निदेशक हरकेवल सिंह निवासी सजुमा जिला संगरूर पंजाब
0 सुखपाल सिंह निवासी सजुमा जिला संगरूर पंजाब
0 प्रीतपाल सिंह निवासी सजुमा जिला संगरूर पंजाब
0 प्रतीन्दर कौर निवासी बक्शी जिला संगरूर पंजाब
0 अंगरेज सिंह निवासी गाजीपुर पटियाला पंजाब
0 गुरजंत सिंह निवासी उपली संगरूर पंजाब
0 वीके सुब्बा निवासी शालीमार काम्पलेक्स निवासी ढकौली चंडीगढ़
0 महेंद्र सिंह उर्फ विक्रम निवासी विक्रम सर्विस सेंटर गोपालापुर नगर कोतवाली प्रतापगढ़
0 खलील अहमद निवासी गौखाड़ी थाना लालगंज प्रतापगढ़
0 संतोष नारायण सिंह निवासी राधीपुर गौरीगंज अमेठी
0 अटल बिहारी मिश्र निवासी लालगंज अझारा प्रतापगढ़
करोड़ों लेकर भागने वाले चिटफंड संचालक भी नहीं लगे हाथ
नगर कोतवाली के पूरे पितई में चिटफंड कंपनी खोली गई थी। कंपनी के लोग सालभर लोगों को धन दोगुना होने का लालच देते रहे। बीच में कंपनी भाग गई। हालांकि लोगों की सक्रियता से पुलिस ने एक आरोपी को दबोच लिया। पुलिस लाख प्रयास के बाद भी उससे साथियों का पता नहीं पूछ सकी। रुपये लेकर फरार आरोपियों तक क्राइम ब्रांच नहीं पहुंची। मामले की जांच कर रही क्राइम ब्रांच भी केवल कागजी कोरम पूरा कर रही है।