महुली स्थित नवीन मंडी को लकदक करने की तैयारी है। मंडी में संसाधन के साथ ही साफ सफाई की बेहतर व्यवस्था होगी। प्रदेश की सभी मंडियों की रैंकिंग होगी। प्रदेश स्तरीय टीम यहां आकर इसकी पड़ताल करेगी। इसे लेकर मंडी को साफ सुथरा बनाने के साथ ही संसाधनों की बेहतर व्यवस्था के लिए स्वच्छ मंडी-शुभ मंडी अभियान की शुरुआत हुई है।
महुली मंडी में प्रतिदिन दो हजार के करीब व्यापारी एवं किसान आते हैं। किसानों एवं व्यापारियों को मंडी में बेहतर बनाने के लिए स्वच्छ मंडी-शुभ मंडी अभियान की शुरुआत की गई है। अभियान के क्रम में मंडी परिसर की नियमित सफाई, कूड़ा निस्तारण, नालियों की साफ-सफाई और जल निकासी की व्यवस्था को लेकर पहल शुरू हो गई है।
प्रवेश से निकास द्वार, सड़कें, पार्किंग स्थल, शौचालय को लकदक करने का कार्य शुरू हो गया है। मंडी परिसर से पुराने सामानों को हटाने एवं हरियाली बढ़ाने के साथ दीवारों को साफ-सुथरा करने के लिए पेंटिंग भी होगी। इसमें लगभग तीन लाख रुपये का बजट खर्च किया जाएगा।
इसकी रैंकिंग भी तय होगी। सबसे साफ-सुथरी मंडी मिलने पर महुली को पुरस्कार भी मिल सकता है। मंडी निरीक्षक रवि श्रीवास्तव ने बताया कि साफ-सफाई कराई जा रही है। मानक के सभी बिंदुओं पर ध्यान दिया जा रहा है।