राजापाल टंकी चौराहे से श्रीराम तिराहे तक सड़क की पटरी पर कब्जा करने वाले व्यापारियों को डीएम के निर्देश पर शनिवार की शाम सदर एसडीएम जेपी मिश्र ने अंतिम चेतावनी दी। इसके बाद यदि दुकानदार पटरी से कब्जा नहीं हटाए तो अभियान चला कर प्रशासन सामानों को जब्त कर लेगा। जिला अस्पताल के सामने लगने वाले जाम में तड़पते मरीजों की दशा ‘अमर उजाला’ में छपने के बाद प्रशासन ने इस सख्त कार्रवाई की शुरुआत की।
पूरे शहर में पटरी से दुकान हटाने का नोटिस प्रशासन दुकानदारों को दे चुका है। कई बार माइक से पटरी खाली करने की बाबत भी सूचना प्रसारित करा चुका है। इसके बाद भी शहर की कई सड़कों की पटरियों पर किया गया कब्जा दुकानदार नहीं हटाए। राजापाल टंकी चौराहा से श्रीराम तिराहे तक सड़क की पटरियों पर जबरदस्त कब्जा है। पटरी पर अतिक्रमण होने से ग्राहक बाइक व अन्य गाड़ियां आधी सड़क पर खड़ी कर देते हैं। इससे आए दिन स्टेट बैंक, जिला और महिला अस्पताल के सामने जबरदस्त जाम लगता है।
शुक्रवार को लगे जाम में अस्पताल जा रहे कई मरीज फंस गए। जाम में फंसे मरीजों व गर्भवतियों को काफी देर तक इलाज के अभाव में कराहना पड़ा। शनिवार के अंक में इस बात की खबर अमर उजाला ने फोटो सहित खबर प्रकाशित किया तो डीएम ने उसे संज्ञान में लेते हुए सख्त कार्रवाई का निर्देश एसडीएम को दिया। अनुपालन में जुटे सदर एसडीएम ने सड़क की पटरी खाली करने की आखिरी चेतावनी दुकानदारों को दी। कहा कि राजापाल टंकी से श्रीराम तिराहे तक यदि इसके बाद भी पटरी खाली न हुई तो अभियान चलाकर सारा सामान जब्त कर लिया जाएगा। साथ ही सड़क पर कब्जा करने के आरोप में कार्रवाई भी की जाएगी।