क्षेत्र के खटवारा में शादी से लौटने के बाद सोमवार की रात 18 वर्षीय रहनुमा राईन ने खुदकुशी कर ली। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जेठवारा के खटवारा निवासी अनवर अली सब्जी का कारोबार करते हैं। सोमवार को परिवार के लोग गांव में आई बरात में शामिल होने गए थे। दावत में शामिल होकर देर शाम सभी घर लौटे। अनवर की बेटी रहनुमा भी अपने कमरे में सोने चली गई। मंगलवार की सुबह वह सोकर नहीं उठी। परिजन उसके कमरे में पहुंचे तो छत में लगे पंखे से रहनुमा फंदे से लटक रही थी।
आननफानन में परिजन उसे उतारकर स्थानीय चिकित्सक के पास ले गए। जांच के बाद चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजन शव लेकर घर पहुंचे। सूचना पर डेरवा चौकी प्रभारी घर पहुंचे। मृतका रहनुमा बानो पांच बहनों में दूसरे नंबर पर थी। परिजन मोहम्मद असद, मोहम्मद सैयद और मां कमरु रोती रहीं। सीओ सदर करिश्मा गुप्ता ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद उसके मौत की वजह स्पष्ट होगी। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का नजर आ रहा है।