पूर्व मंत्री व कुंडा के निर्दल विधायक रघुराज प्रताप सिंह राजा भैया की के संभावित जनसत्ता दल का झंडा पीला व हरे रंग में होगा। निर्वाचन आयोग में पार्टी के नाम व झंडे के लिए आवेदन किया जा चुका है। हालांकि अभी अधिकृत घोषणा नहीं हुई, लेकिन झंडे की फोटो सामने आते ही समर्थक उसे अपने मोबाइल के प्रोफाइल पर लगाने लगे हैं। समारोह के लिए समर्थकों ने पूरी ताकत झोंक दी है।
कुंडा के निर्दल विधायक रघुराज प्रताप सिंह राजाभैया के पार्टी गठन व लखनऊ में 30 नवंबर को आयोजित रजत जयंती समारोह को लेकर जिले के समर्थकों में भारी उत्साह है। राजाभैया द्वारा गठित पार्टी का नाम जनसत्ता दल हो सकता है। पार्टी के लिए जो झंडा चुना गया है उसका तीन चौथाई भाग पीले रंग का और एक हिस्सा हरे रंग का होगा। झंडे के बीच राजाभैया की तस्वीर लगी होगी। झंडे की तस्वीर सामने आते ही समर्थक उसे अपने मोबाइल के प्रोफाइल में लगाने लगे। सोशल मीडिया पर भी पार्टी के झंडे की तस्वीर वायरल होती रही। राजाभैया के समर्थकों ने रजत जयंती समारोह मनाने के लिए पूरी ताकत लगा दी है। ब्लाक से लेकर अब न्यायपंचायतवार समर्थक बैठक कर लोगों को समारोह में शामिल करने के लिए तैयार कर रहे हैं। समारोह के प्रवक्ता अश्वनी सिंह ने बताया कि निर्वाचन आयोग में झंडे को अधिकृत करने के लिए भेजा गया है। अभी आयोग से पार्टी का नाम, चुनाव चिह्न और झंडे का रंग एलाट नहीं हुआ है।