लखनऊ-वाराणसी राजमार्ग पर तेज रफ्तार कार ने अधेड़ को टक्कर मारने के बाद रौंद दिया। जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। घर के करीब हुई घटना से घर में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जेठवारा थाना क्षेत्र के भुआलपुर निवासी जगेशर गुप्ता (52) पुत्र झगड़ू गुप्ता मनरेगा मजदूरी के साथ आसपास की दुकानों पर दूध बेचता था। सोमवार की सुबह वह दूध लेने के लिए मोहनगंज बाजार जा रहा था। घर से थोड़ी दूरी पर लखनऊ की ओर आ रही बेकाबू कार ने जगेशर गुप्ता को जोरदार टक्कर मार दी।
वह हवा में उछलने के बाद जमीन पर गिर पड़ा। बेकाबू कार उसे रौंदते हुए गुजर गई। जिससे घटनास्थल पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची जेठवारा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिवार की माली हालत ठीक नहीं है। बच्चे भी अभी छोटे हैं। पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचने पर कोहराम मच गया। जेठवारा थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतक के परिजन की तहरीर पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।