सर्दी के साथ ही ऊनी कपड़ों का बाजार भी गर्म होने लगा है। बाजार में नए व आकर्षक स्वेटर काफी पसंद किए जा रहे हैं। दुकानों में स्वेटर 500 से 800 रुपये के बीच बिक रहे हैं।
सहालग सीजन को देखते हुए लोग सर्दी से बचाव के साथ-साथ फैशनेबल ऊनी कपड़ों की खरीदारी में रुचि दिखा रहे हैं। रेडीमेड कारोबारी दीपू उमरवैश्य ने बताया कि इस बार बच्चों, युवाओं और महिलाओं की पसंद को ध्यान में रखते हुए स्टाइलिश डिजाइन और नए कलर शेड्स में कपड़ों की बड़ी रेंज मंगाई गई है।
ऊनी टी-शर्ट और हाफ जैकेट की भी मांग अधिक है। ऊनी शर्ट 300 से 600 रुपये, हाफ जैकेट 600 से 2000 रुपये की रेंज में उपलब्ध हैं।
दुकानदार मोहम्मद यासीन ने बताया कि दिसंबर-जनवरी की सर्दी और सहालग के मौसम को ध्यान में रखकर लेटेस्ट डिजाइन के कपड़े खरीद रहे हैं। महिलाओं के लिए ऊनी स्कर्ट, ब्लेजर, हाफ कोट और पारंपरिक ड्रेस की नई वैरायटी आ चुकी है। बच्चों के लिए भी रंग-बिरंगे ऊनी कपड़ों की बिक्री भी खूब हो रही है। ग्रामीण क्षेत्र के बाजारों में गर्म कपड़ों की दुकानें सज गई हैं। शो-रूम में भी ग्राहक उमड़ रहे हैं।