सेफ सिटी योजना के तहत नगर पालिका क्षेत्र के 20 प्रमुख चौराहों पर जल्द ही 80 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए एक करोड़ रुपये का बजट शासन ने स्वीकृत किया है। इससे शहर में हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी। सीसीटीवी कैमरे से निगरानी के लिए नगर पालिका कार्यालय में कमांड सेंटर बनाया जाएगा।
कंमाड सेंटर से जिला प्रशासन, पुलिस और नगर पालिका अधिकारी सभी कैमरों की फीड देख सकेंगे। कंट्रोल रूम में आधुनिक मॉनिटरिंग सिस्टम, रिकॉर्डिंग स्टोरेज और अलर्ट जनरेशन की सुविधा भी होगी।
नगर पालिका ईओ राकेश कुमार ने बताया कि योजना का मुख्य उद्देश्य महिलाओं, बच्चों और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। रात के समय बढ़ रही घटनाओं को रोकने, ट्रैफिक प्रबंधन सुधारने और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने में यह कैमरे बेहद कारगर साबित होंगे। सीसीटीवी कैमरे के लिए टेंडर प्रक्रिया चल रही है।
गंदगी करने वालों पर भी होगी नजर
ईओ ने बताया कि शहर में गंदगी करने वाले भी सीसीटीवी कैमरे की जद आएंगे। उन्हें चिह्नित कर समझाया जाएगा। बार-बार नियम तोड़ने वालों के खिलाफ जुर्माना लगाकर कार्रवाई की जाएगी।