स्वतंत्रता दिवस से पहले शहर को सजाने-संवारने का काम बृहस्पतिवार की देर शाम तक चलता रहा। तिरंगे की झालरों व लाइटों से रात में शहर जगमगाता रहा है। बिजली के खंभों व चौराहों पर लिपटी केसरिया, सफेद और हरे रंग झालरें चमक बिखेरती रहीं।
नगर पालिका परिषद बेल्हा की ओर से स्वतंत्रता दिवस पर शहर की सुंदरता को बढ़ाने का काम किया जा रहा है। बीते वर्ष नगर के विभिन्न मोहल्लों में लगे विद्युत खंभों को झालरों से सजाया गया था। इस बार भी स्वतंत्रता दिवस से पहले 18 चौराहों को झालरों से सजाने के साथ तिरंगा लाइटों से जगमगाने के कार्य को अंतिम रूप दिया जा चुका है।
शहर के आंबेडकर चौराहा, कोषागार, लोहिया चौराहा, पुलिस लाइन, शहीद भगत सिंह समेत अन्य चौराहों को तिरंगा लाइटों से रोशन किया गया। रात में इन झालरों के जगमग होने से पूरा इलाका तिरंगे के रंग में रंग जाएगा।
बोलीं चेयरमैन
आजादी का जश्न मनाने के लिए शहर के चौराहाें को तिरंगा लाइटों से जगमग करने का कार्य किया गया है। इससे शहर की सुंदरता बढ़ती है। - प्रेमलता सिंह, चेयरमैन